![]()
प्रयागराज की आक्रामक विकेटकीपर-बल्लेबाज शिप्रा गिरी को इंडिया-ए महिला क्रिकेट टीम में शामिल किया गया है। वह चंडीगढ़ में 12, 15 और 17 सितंबर को ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज में खेलेंगी। अनुष्का शर्मा की कप्तानी वाली इस टीम में शिप्रा के साथ उमा छेत्री को भी विकेटकीपर के तौर पर चुना गया है। हाल ही में आयोजित टारगेटेड कैंप में शिप्रा ने अपने परिश्रम और कौशल से चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया था। इस उपलब्धि से उनके गृह जनपद प्रयागराज और खेल जगत में खुशी का माहौल है। भारतीय सीनियर टीम की दहलीज पर खड़ी शिप्रा गिरी ने इंडिया-ए में अपनी जगह पक्की कर अपनी प्रतिभा साबित की है। वह इससे पहले महिला प्रीमियर लीग (WPL) में ‘यूपी वॉरियर्स’ के लिए भी खेल चुकी हैं। पिछले वर्ष वह अंडर-23 महिला क्रिकेट टीम की कप्तान और हाल ही में संपन्न सीनियर महिला टीम की उप-कप्तान रह चुकी हैं। पिछले सात वर्षों से शिप्रा उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) के लिए एनसीए, जेडसीए, अंडर-19, अंडर-23 और सीनियर स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। मूल रूप से प्रयागराज के खुल्दाबाद की निवासी शिप्रा एक साधारण और अनुशासित परिवार से आती हैं। उनके पिता पुलिस विभाग में कार्यरत हैं और मां गृहणी हैं। उनके परिवार में दो बहनें और एक भाई हैं। शिप्रा ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मेहनत और साल 2015 से स्पोर्ट्स टैलेंट क्रिकेट अकादमी में अपने कोच अजय यादव से मिले मार्गदर्शन को दिया है। विकेट के पीछे उनकी फुर्ती और बल्लेबाजी में आक्रामकता उन्हें एक खास खिलाड़ी बनाती है। शिप्रा के चयन पर अकादमी के संरक्षक महेंद्र कुमार सिंह, अध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव, डीआईओएस संतोष कुमार राय, लेफ्टिनेंट कर्नल अमृता सिंह, राम सक्सेना, रंजन श्रीवास्तव, अशोक सिंह, खेल सचिव ब्रजेश श्रीवास्तव सहित अन्य खिलाड़ियों और गणमान्य व्यक्तियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
Source link
प्रयागराज की बेटी शिप्रा गिरी इंडिया-ए टीम में चयनित:ऑस्ट्रेलिया 'ए' के खिलाफ चंडीगढ़ में खेलेंगी टी20 सीरीज