बारिश के बाद जाम से थम गया कानपुर, VIDEO:जलभराव में बंद गाड़ियों में धक्का लगाते दिखे लोग, सड़कों पर रेंगते रहे वाहन


कानपुर में मंगलवार से शुरू हुई पॉकेट रेन के बाद शाम को हुई झमाझम बारिश बुधवार सुबह करीब 10 बजे रुकी। भीषण बारिश से पूरा शहर जलमग्न हो गया, शहर की छोटी–छोटी गलियों से लेकर प्रमुख मार्गों तक घुटनों तक पानी भरा दिखाई दिया, जिसके बाद करोड़ों रुपयों से कराई गई नाला सफाई के दावों की कलई खुल गई। चौतरफा जलभराव के कारण कानपुर में राहगीरों को भीषण जाम से जूझना पड़ा। सुबह से जारी बारिश के बीच लोग रेनकोट पहन कर अपने–अपने कामों पर निकले तो उन्हें जगह–जगह पर जाम से जूझना पड़ा। जलभराव में वाहनों के बंद होने से लोग अपनी–अपनी गाड़ियों में धक्का लगाते दिखे, वहीं जलभराव के कारण शहर के सभी प्रमुख मार्गों पर वाहनों के पहिए थम गए। जिससे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई। चावला मार्केंट में बाढ़ जैसा नजारा शहर के दक्षिण इलाके में निराला नगर से लेकर नंदलाल लाल तक चौराहे तक सड़क के दोनों ओर भीषण जलभराव से लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ा। निराला नगर से नंदलाल तक एक किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया। वहीं सीटीआई से आने वाले वाहन भी नंदलाल चौराहे के पास आकर थम गए। इसी तरह पापुलर धर्मकांटा से चावला मार्केट आने वाली रोड पर तो मानों बाढ़ सी आ गई। पापुलर धर्मकांटा से चावाला मार्केट वाली रोड पर करीब 3 से चार फिट तक पानी भरा हुआ था। आसपास की दुकानों में पानी घुसने से दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखी। इस दौरान पापुलर धर्मकांटा से आने वाली रोड पर चार पहिया वाहन तेज रफ्तार से गुजरे से दोपहिया वाहन पानी के तेज बहाव में बह गए। कई दुपहिया व चार पहिया वाहन भीषण जलभराव में बंद हो गए, जिससे लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ा। इधर फजलगंज से होते हुए गोविंद नगर की ओर आ रहे वाहनों की रफ्तार पुराने गोविंदपुरी पुल से उतरते ही थम गई। जिससे चावला मार्केट से गोविंदपुरी पुल तक वाहन रेंगते हुए नजर आए। बड़ौदा चौराहे से फजलगंज चौराहे तक भी लोगों को जाम से समस्या से दो–चार होना पड़ा। मुख्य मार्ग पर जाम लगने से लोग बड़ौदा चौराहे से गड़रियन पुरवा, चारखंभा चौराहा होते हुए अपने गंतव्य की ओर निकले। हैलट पुल पर थमे वाहनों के पहिए मरियमपुर के आगे लाजपत नगर से लेकर हैलट पुल तक भी वाहन थमें हुए दिखाई पड़े। दोपहिया वाहन सवार गलियों से होकर गुजरे तो गलियों में जाम जैसी स्थिति बन गई। वहीं भीषण बारिश के बाद वीआईपी रोड पर भी कई गाड़ियां फंस गई, हडर्ड, परेड, नवीन मार्केट, बड़ा चौराहा पर कुछ–कुछ देर में जाम लगता रहा। इस दौरान सभी चौराहे पर ट्रैफिक व्यवस्था संभालने में लगे ट्रैफिक पुलिसकर्मी जाम खुलवाने के लिए पसीना बहाते हुए नजर आए।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *