जश्ने ईद मिलादुन्नबी पर निकलेंगे 50 से अधिक जुलूस:अमेठी में पैगाम-ए-अमन के साथ जामा मस्जिद में होगी देश की सलामती की दुआ


अमेठी में आज जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी का पर्व मनाया जा रहा है। दोपहर बाद एक बजे से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाले जाएंगे। इन जुलूसों को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है। दोपहर बाद सभी कस्बों में बड़े वाहनों की नो-एंट्री रहेगी। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बाजारों में विशेष रौनक देखी जा रही है। अंजुमन नूरानी मदीना और अंजुमन नूरी मस्जिद, इंतेजामिया कमेटी सहित कई स्थानों को सजाया गया है। मस्जिदों पर रंग-बिरंगी लाइटें और हरे झंडे लगाए गए हैं। घरों और दुकानों पर भी रोशनी की गई है। दोपहर बाद त्योहार का मुख्य आयोजन होगा, जिसमें अमेठी कस्बे से 50 से अधिक जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाले जाएंगे। ये जुलूस विभिन्न अंजुमनों और मोहल्लों से नात-ए-पाक और नारे लगाते हुए निकलेंगे। जुलूस में शामिल लोग नए परिधानों में होंगे। सभी जुलूसों का काफिला जामा मस्जिद पहुंचेगा, जहां एक बड़ा जलसा आयोजित होगा। जामा मस्जिद के शाही इमाम मौलाना साजिद खान तकरीर पेश करेंगे। वे पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जीवन और उनके ‘पैगाम-ए-अमन’ (शांति का संदेश) के बारे में बताएंगे।
इसके बाद देश में अमन-चैन, भाईचारे और तरक्की के लिए विशेष दुआ मांगी जाएगी। अंजुमन नूरानी मदीना के पदाधिकारी नवाब हाशमी और इंतेजामिया कमेटी के अध्यक्ष फैजान खान ने बताया कि आज के दिन हजरत मोहम्मद साहब दुनिया में आए थे और उन्होंने इंसानियत, मोहब्बत और बराबरी का पैगाम दिया। प्रशासन ने जुलूस को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पूरे जनपद में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है। ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है। दोपहर बाद कस्बों में बड़े वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा और यातायात को सुचारू रखने के लिए जगह-जगह रूट डायवर्ट किए गए हैं। अमेठी, गौरीगंज, जायस, जगदीशपुर और मोहनगंज सहित सभी कस्बों को सजाया गया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *