![]()
रक्षाबंधन से पहले बहराइच में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को विभाग की चार टीमों ने जिले के अलग-अलग इलाकों में मिठाई की दुकानों और डेयरियों पर छापेमारी की। इस दौरान रमवापुर स्थित एक मिठाई की दुकान से करीब 120 किलो खराब और दूषित मिठाई मिली, जिसे टीम ने मौके पर ही नष्ट करा दिया। अलग-अलग प्रतिष्ठानों से दूध, खोया, पेड़ा, मिल्क केक, सोनपापड़ी और छेना मिठाई समेत 11 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। सभी सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। यह अभियान खाद्य सुरक्षा विभाग के डीओ डॉ. अमर सिंह वर्मा के निर्देश पर चलाया गया। विभाग का कहना है कि रक्षाबंधन तक अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि त्योहार के दौरान लोगों को मिलावटी और खराब खाद्य पदार्थों से बचाया जा सके। 120 किलो खराब मिठाई मौके पर ही नष्ट कराई रमवापुर स्थित हर्षिता मिष्ठान भंडार में जांच के दौरान टीम को करीब 120 किलो खराब और दूषित मिठाई मिली। मिठाई की गुणवत्ता खराब पाए जाने पर टीम ने इसे मौके पर ही नष्ट करा दिया। इसी दुकान से टीम ने सोनपापड़ी और मिल्क केक के नमूने भी लिए। इसके बाद मौर्या मिष्ठान भंडार से दूध और जायसवाल मिष्ठान भंडार से खोया का सैंपल लिया गया। कुट्टी बाजार में भी मिठाई की दुकानों से सैंपल पहली टीम ने कुट्टी बाजार में भी खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। बंगाली स्वीट्स से मिल्क केक, जायसवाल जलपान गृह से खोया और जायसवाल स्वीट्स से पेड़े का नमूना संकलित किया गया। विभाग की दूसरी टीम ने मरौचा स्थित जयगुरुदेव मिष्ठान भंडार से पेड़ा और पटेशिया स्थित बंगाली स्वीट्स से छेना मिठाई का सैंपल लिया। नानपारा और नवाबगंज में दूध-छेना रसगुल्ले की जांच तीसरी टीम ने नवाबगंज मोड़, नानपारा स्थित मिट्ठू दूध की दुकान से दूध का नमूना लिया। इसके बाद इमामगंज रोड स्थित नोमान रजा मिष्ठान भंडार से छेना रसगुल्ला का सैंपल संकलित किया गया। चौथी टीम ने महराजगंज स्थित अनिल डेयरी पर जांच की और वहां से दूध का नमूना लिया। विभाग के मुताबिक, पूरे अभियान में कुल 11 नमूने लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद होगी विधिक कार्रवाई खाद्य सुरक्षा विभाग के डीओ डॉ. अमर सिंह वर्मा ने बताया कि सभी नमूनों की प्रयोगशाला जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट में यदि कोई खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों के विपरीत पाया जाता है तो संबंधित खाद्य प्रतिष्ठान के संचालक के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन पर्व तक जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच का अभियान जारी रहेगा। विभाग का उद्देश्य त्योहार के दौरान बाजार में बिकने वाली मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना है। चार टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में की जांच अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी आदित्य वर्मा, मुकेश कुमार, अजय कुमार सिंह, विनय कुमार और कृपाशंकर समेत विभागीय टीम के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई के मानकों का पालन करने के निर्देश भी दिए हैं।
Source link
बहराइच में मिलावटखोरों पर कार्रवाई:120 किलो दूषित मिठाई नष्ट, मिठाई-दूध के 11 सैंपल जांच को भेजे