![]()
कुशीनगर जिले के तुर्कपट्टी ग्राम क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध सूर्य मंदिर में मूलभूत सुविधाओं का अभाव श्रद्धालुओं के लिए बड़ी समस्या बना हुआ है। साल भर बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन-पूजन के लिए आते हैं, खासकर धार्मिक पर्वों पर भीड़ बढ़ जाती है। इसके बावजूद, मंदिर परिसर में शुद्ध पेयजल, शौचालय और वाहन पार्किंग जैसी आवश्यक सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं। श्रद्धालुओं को शुद्ध पानी उपलब्ध कराने के लिए मंदिर परिसर में लगाया गया आरओ वाटर सिस्टम खराब पड़ा है। ऐसे में यहां आने वाले लोग छोटे हैंडपंप के पानी पर निर्भर रहने को मजबूर हैं। स्थानीय निवासी राम प्रवेश यादव ने बताया कि इस हैंडपंप का पानी पीने के साथ-साथ भगवान को भोग लगाने में भी इस्तेमाल किया जाता है। उनका दावा है कि पानी भरकर रखने के कुछ समय बाद उसका रंग बदल जाता है और ऊपर परत जमने लगती है, जो इसकी खराब गुणवत्ता को दर्शाता है। ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘हर घर नल जल योजना’ के तहत करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं। मंदिर क्षेत्र में पानी की टंकी, पाइपलाइन और जगह-जगह टोटियां भी लगाई गई हैं, लेकिन इसके बावजूद श्रद्धालुओं को पर्याप्त और स्वच्छ पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। यह स्थिति योजना की उपयोगिता और उसके क्रियान्वयन पर सवाल खड़े करती है।
शुद्ध पेयजल के अलावा, मंदिर परिसर में शौचालयों और वाहन पार्किंग की भी कमी है। स्थानीय बुजुर्ग ब्यास शाही ने बताया कि इस महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल पर बड़े-बड़े नेता और अधिकारी अक्सर आते रहते हैं, फिर भी मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। श्रद्धालुओं का कहना है कि इतने प्रसिद्ध मंदिर में दर्शनार्थियों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए। कायाकल्प के आयोजन होते रहे, व्यवस्थाएं नहीं सुधरीं स्थानीय लोगों के अनुसार मंदिर के विकास और कायाकल्प को लेकर पर्यटन विभाग, जिला पंचायत, ग्राम पंचायत और जनप्रतिनिधियों की ओर से समय-समय पर आयोजन और दावे किए जाते रहे हैं। इसके बावजूद जमीनी स्तर पर पेयजल, शौचालय और पार्किंग जैसी बुनियादी जरूरतें पूरी नहीं हो सकी हैं। प्रसिद्ध सूर्य मंदिर में वर्ष में एक बार प्राकट्योत्सव भी बड़े धूमधाम से मनाया जाता है । हजारों श्रद्धालु जुटते हैं । ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए जिम्मेदार विभाग और जनप्रतिनिधि कब तक ठोस कदम उठाते हैं। खराब आरओ सिस्टम की मरम्मत, स्वच्छ पेयजल की नियमित व्यवस्था और शौचालय-पार्किंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना श्रद्धालुओं की तत्काल जरूरत है।
Source link