छात्र से मारपीट के विरोध में ABVP का प्रदर्शन:सनातन धर्म इंटर कॉलेज में शिक्षक पर छात्र को पीटने का आरोप, शिक्षक पर कार्रवाई की मांग


सनातन धर्म इंटर कॉलेज, सदर में शिक्षक द्वारा छात्र के साथ कथित मारपीट के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) मेरठ महानगर के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को धरना-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने विद्यालय प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ABVP के उदय प्रताप ने आरोप लगाया कि विद्यालय के एक शिक्षक सुमन ने छात्र के साथ बर्बरता से मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोट आई। उनका कहना है कि घटना के बाद से छात्र सदमे में है और स्कूल नहीं आ पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बावजूद विद्यालय प्रशासन की ओर से अब तक शिक्षक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। उदय प्रताप ने बताया कि करीब तीन दिन पहले भी संगठन के कार्यकर्ता छात्रों के साथ विद्यालय पहुंचे थे। उस समय प्रिंसिपल ने मामले में बैठक कर कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन कोई निर्णय नहीं हुआ। इसके बाद सोमवार को फिर कार्यकर्ता विद्यालय पहुंचे और छात्र के पक्ष में अपनी मांग रखी। धरने के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि स्कूल शिक्षा और संस्कार का केंद्र है। किसी भी छात्र के साथ मारपीट या अनुचित व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता। छात्रों की सुरक्षा और सम्मान की जिम्मेदारी विद्यालय प्रशासन की है। कार्यकर्ताओं के अनुसार, प्रिंसिपल और वाइस प्रिंसिपल ने आश्वासन दिया कि सोमवार शाम विद्यालय की कमेटी की बैठक होगी और उसमें मामले पर निर्णय लिया जाएगा। ABVP ने मांग की कि जांच निष्पक्ष तरीके से कर छात्र के पक्ष में न्यायपूर्ण कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए जरूरी कदम उठाए जाएं। प्रदर्शन में आर्यन प्रजापति, मोहित तोमर, अनुज बैसला, अनुभव भारद्वाज, अंजलि, उदय, अपूर्व, सुरेश राणा, उज्जवल, गोविंद और रुद्र प्रताप समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *