![]()
गोरखपुर में सोमवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के वायरल वीडियो को लेकर कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। रानी लक्ष्मीबाई पार्क में जिला और महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता एकत्र हुए। कार्यकर्ताओं ने सतीश महाना के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान ‘सतीश महाना मुर्दाबाद’ के नारे भी लगाए गए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं में काफी आक्रोश दिखाई दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि राष्ट्रगान का अपमान किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस ने सतीश महाना के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इस मामले में पुलिस को शिकायत दी जाएगी। अब जानिए क्या है मामला… दरअसल, 23 अगस्त से सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो 22 अगस्त का है। उस दिन विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना उन्नाव के एक स्कूल में आयोजित संगोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। जानकारी के मुताबिक, सतीश महाना करीब चार बजे एसबीएम इंटर कॉलेज के सभागार पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रोटोकॉल के तहत उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसी दौरान सभागार के अंदर राष्ट्रगान शुरू होने का वीडियो सामने आया, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे। सतीश महाना ने दी सफाई वायरल वीडियो सामने आने के बाद सतीश महाना ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए सफाई दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी वीडियो के संबंध में सही तथ्यों की जानकारी होना जरूरी है, ताकि किसी तरह का भ्रम न फैले। उन्होंने लिखा कि 22 अगस्त को उन्नाव में गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने के दौरान संयोगवश उसी समय प्रेक्षागृह के अंदर राष्ट्रगान शुरू हुआ था। उन्होंने स्पष्ट किया कि उस समय वह और उनके साथ मौजूद लोग सभागार के अंदर नहीं थे। दोनों कार्यक्रम अलग-अलग स्थानों पर हो रहे थे। सतीश महाना ने कहा कि सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो साझा कर ऐसा भ्रामक विश्लेषण किया जा रहा है, जैसे राष्ट्रगान के समय वह रुके नहीं। उन्होंने इसे पूरी तरह गलत बताया। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा से लेकर अपने विधानसभा क्षेत्र तक हर अवसर और स्थान पर उन्होंने, उनके कार्यकर्ताओं और सहयोगियों ने संविधान तथा राष्ट्रगान का हमेशा सर्वोच्च सम्मान किया है और आगे भी करते रहेंगे। साथ ही उन्होंने मीडिया और पत्रकारों से अपील की कि किसी भी विषय पर चर्चा करने से पहले तथ्यों की सत्यता की जांच जरूर कर लें। कांग्रेस और आप ने भी वीडियो को लेकर उठाए सवाल वहीं, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने अपने-अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वायरल वीडियो को साझा करते हुए सतीश महाना पर राष्ट्रगान के अपमान का आरोप लगाया। दोनों दलों की ओर से मामले को लेकर सवाल उठाए गए और माफी की मांग भी की गई। इसी मुद्दे को लेकर सोमवार को गोरखपुर में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेश त्रिपाठी के नेतृत्व में कार्यकर्ता रानी लक्ष्मीबाई पार्क पहुंचे और सतीश महाना के खिलाफ नारेबाजी की। थाने में शिकायत देकर FIR की मांग करेगी कांग्रेस प्रदर्शन के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश त्रिपाठी ने कहा कि पार्टी इस मामले में थाने में शिकायत करेगी। उन्होंने बताया कि सतीश महाना के खिलाफ लिखित प्रार्थना पत्र देकर FIR दर्ज करने की मांग की जाएगी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बोले- ये अपमान नहीं सहेंगे दैनिक भास्कर से बातचीत में कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेश त्रिपाठी ने कहा “भारतीय जनता पार्टी के लोग कभी राष्ट्रगान का महत्व ही नहीं समझे। राष्ट्रीय गान का ऐसा अपमान उत्तर प्रदेश के वर्तमान विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने किया है। उनके खिलाफ हमारी श्रेष्ठ नेतृत्व और प्रदेश की टीम के निर्देशन में आज गोरखपुर में जिला कांग्रेस कमेटी और महानगर कांग्रेस कमेटी ने सतीश महाना के खिलाफ एक धरना प्रदर्शन किया है। उसके बाद एक शिकायतती प्रार्थना पत्र उनके खिलाफ एफआईआर के लिए हम लोग थाने में देंगे। इन्होंने जो अपराध किया है, जो पाप किया है, वो क्षमा योग्य नहीं है। पूरे प्रदेश भर में कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरी है।” कांग्रेस बोली- राष्ट्रगान के सम्मान से समझौता नहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि राष्ट्रगान देश के सम्मान और संविधान से जुड़ा विषय है। ऐसे में इससे जुड़े किसी भी मामले को हल्के में नहीं लिया जा सकता। पार्टी ने कहा कि वीडियो को लेकर विधानसभा अध्यक्ष की ओर से सफाई दी गई है, लेकिन कांग्रेस इस मामले में पुलिस शिकायत कर कार्रवाई की मांग करेगी। फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। एक तरफ सतीश महाना ने वीडियो को भ्रामक बताते हुए पूरे मामले पर अपनी सफाई दी है, वहीं कांग्रेस और आम आदमी पार्टी इसे राष्ट्रगान के अपमान से जोड़ते हुए कार्रवाई और माफी की मांग कर रहे हैं।
Source link
सतीश महाना के वायरल वीडियो पर सड़कों पर कांग्रेस:गोरखपुर जिलाध्यक्ष बोले- राष्ट्रगान का अपमान नहीं सहेंगे, विधानसभा अध्यक्ष की सफाई