![]()
ललितपुर में रविवार को जिले के कई गांवों में हुई बारिश के बाद नदी-नाले उफान पर आ गए। बानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खिरिया छतारा के पास सैर नाले पर बने पुल के ऊपर करीब 3 फीट पानी बह रहा था। इसके बावजूद रविवार शाम करीब 6 बजे एक युवक बाइक लेकर पुल पार करने लगा। तेज बहाव के कारण बाइक नाले में बह गई, जबकि युवक बाल-बाल बच गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है। मना करने के बाद भी बाइक लेकर पुल पर पहुंचा युवक बताया गया कि युवक बाइक से ग्राम टेनगा जा रहा था। खिरिया छतारा के पास हनुमान मंदिर के समीप सैर नाले पर बने पुल के ऊपर पानी तेज बहाव के साथ बह रहा था। मौके पर मौजूद लोगों ने युवक को पुल पार न करने की सलाह दी, लेकिन वह बाइक लेकर पानी के बीच पहुंच गया। तेज बहाव में बह गई बाइक युवक अभी पुल के बीच में ही पहुंचा था कि तेज बहाव के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह पानी में बह गई। एक युवक मदद के लिए दौड़ा और बाइक पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन इससे पहले बाइक पानी के तेज बहाव में दूर चली गई। युवक किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आया। रात 10 बजे तक बाइक नहीं मिली घटना की जानकारी मिलने के बाद युवक के रिश्तेदार बाइक की तलाश में जुट गए। उन्होंने रात करीब 10 बजे तक नाले में उतरकर बाइक खोजने का प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण सफलता नहीं मिली। खेड़र नदी के उफान से तालबेहट-जखौरा मार्ग बंद उधर, जखौरा कस्बे के पास से निकलने वाली खेड़र नदी भी उफान पर है। नदी का पानी पुल के ऊपर से बहने के कारण तालबेहट-जखौरा मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया। रात करीब 10:30 बजे तक पुल के ऊपर से पानी बहता रहा। पुलिस ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था मार्ग पर किसी तरह की दुर्घटना रोकने के लिए जखौरा थाना निरीक्षक राजीव कुमार वैश पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। पुलिस ने लोगों को तेज बहाव वाले पुल और नदी-नालों के पास जाने से बचने की सलाह दी।
Source link
बाइक निकालते समय नाले में बही; युवक बचा, VIDEO:पुल से 3 फीट ऊपर बह रहा था पानी, बारिश के बाद उफान पर नदी-नाले