पूजा में जाति को लेकर मारपीट, युवक का हाथ तोड़ा:मैनपुरी में दबंग ने परिजनों से की मारपीट, पीड़ित ने एसपी से मांगी मदद


मैनपुरी के एलाऊ के धोवा गांव में देवी पूजा के दौरान जाति को लेकर विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित सर्वेश कुमार ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर गांव के कुछ लोगों पर मारपीट, जातिसूचक भेदभाव और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित का यह भी आरोप है कि घटना के बाद कई बार थाने जाने के बावजूद उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। उसने एक दरोगा पर समझौते के नाम पर पांच हजार रुपये लेने और बाद में उसके बेटे को थाने में बैठाने का भी आरोप लगाया है। पीड़ित सर्वेश के अनुसार, यह घटना 29 जुलाई की रात की है, जब गांव में गमा देवी पूजा का कार्यक्रम चल रहा था। वह अपनी पत्नी सरोज और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पूजा में शामिल थे। आरोप है कि हवन में पूजा सामग्री डालने के दौरान गांव के कुछ लोगों ने धानुक समाज के लोगों के पूजा में शामिल होने पर आपत्ति जताई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। गांव के लोगों ने बीच-बचाव कर बचाया आरोप है कि विनोद, अंगद, मनोज और राजू सहित अन्य लोगों ने अपने घरों से लाठी-डंडे निकालकर सर्वेश और उसके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस मारपीट में सर्वेश के उल्टे हाथ में लाठी लगने से फ्रैक्चर हो गया। उसके पुत्र रामू और परिवार के अन्य सदस्यों को भी चोटें आईं। पीड़ित के अनुसार, गांव के लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। हमलावरों ने दोबारा पूजा में शामिल होने पर जान से मारने की धमकी भी दी। सर्वेश का आरोप है कि घटना के बाद वह एलाऊ थाने पहुंचा, लेकिन पुलिस ने उसका मुकदमा दर्ज नहीं किया। उसने अपना और अपने बेटे का मेडिकल भी कराया। पीड़ित का कहना है कि पुलिस कई दिनों तक कार्रवाई के नाम पर टालमटोल करती रही। सर्वेश ने आगे आरोप लगाया है कि 20 अगस्त को दरोगा प्रेमदत्त शर्मा उसके घर पहुंचे और आपसी समझौता कराने की बात कहते हुए पांच हजार रुपये लिए। उसी दिन बाद में पुलिस उसके घर पहुंची और उसके बेटे दीपू को थाने ले जाकर बैठा दिया। इसके बाद दीपू की जमानत भोगांव से करानी पड़ी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *