![]()
प्रतापगढ़ में पीएम पोषण योजना के तहत विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने वाली रसोइयों को रविवार को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ दिया गया। हरि पैलेस में आयोजित समारोह में रसोइयों को सम्मानित करने के साथ कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से करीब 4 बजे तक चला। 6,002 रसोइयों को मिलेगा लाभ मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार, जिले की 6,002 रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा। इसके तहत उन्हें 5 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा 2 लाख रुपये की सामाजिक सुरक्षा का प्रावधान भी किया गया है। रसोइयों के किचन वस्त्र के लिए मिलने वाली राशि 500 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये कर दी गई है। वहीं, मासिक मानदेय भी 2,000 रुपये से बढ़ाकर 3,000 रुपये कर दिया गया है। दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना से हुआ शुभारंभ कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी ने दीप प्रज्ज्वलित कर और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण करके किया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी देवब्रत सिंह ने मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का हुआ सीधा प्रसारण समारोह के दौरान लखनऊ में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय रसोइया सम्मान समारोह और कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और रसोइयों ने कार्यक्रम देखा और सरकार की ओर से की गई घोषणाओं की जानकारी ली। रसोइयों को दी गई जिम्मेदारी निष्ठा से निभाने की सीख सदर विधायक राजेंद्र प्रसाद मौर्य ने रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने वाली रसोइयां शिक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने रसोइयों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करने का आह्वान किया। 10 रसोइयों को कार्ड और अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया समारोह में रामराजी, सुमन, मालती देवी, सावित्री देवी, चांदनी बानो, मीना देवी, अमरावती, लैपलतून बानो, शिव कुमारी और मालती देवी समेत कई रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड और अंगवस्त्रम प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं, उत्कृष्ट सेवा और योगदान के लिए विमला देवी, फूल कली, मनोरमा, अमरावती देवी, रानी देवी, चम्पा, विद्या देवी, रीना, मंजू देवी और सोनी कोरी को चेक और साड़ी देकर सम्मानित किया गया।
Source link
6002 रसोइयों को मिली कैशलेस चिकित्सा सुविधा:सम्मान समारोह में स्वास्थ्य सुरक्षा का उपहार, मानदेय भी बढ़ा