नदी का जलस्तर बढ़ा, गुफा में फंसे 7 स्टूडेंट:सागर में पिकनिक मनाने गए थे, ढाई घंटे पत्थरों पर बैठे रहे; SDERF ने किया रेस्क्यू


सागर के सानौधा थाना क्षेत्र में स्थित आपचंद गुफा के पास गधेरी नदी में अचानक जलस्तर बढ़ने से 7 युवक-युवती फंस गए। वे पानी के बीच नदी में पत्थर पर बैठे रहे। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीईआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने रात करीब 10 बजे तक रेस्क्यू कर सभी 7 युवक-युवतियों को नदी से सुरक्षित बाहर निकाला। मेडिकल चेकअप के बाद सभी को घर भेज दिया गया है। गुफा में पिकनिक मनाने गए थे
जानकारी के अनुसार, शनिवार को बहेरिया क्षेत्र में रहने वाले 9 युवक-युवती प्राकृतिक क्षेत्र आपचंद गुफा में पिकनिक मनाने के लिए गए थे। देर शाम वह नदी के बीच पत्थरों पर बैठे थे। तभी अचानक गधेरी नदी का जलस्तर बढ़ गया। देखते ही देखते चारों तरफ पानी का तेज बहाव हो गया। इसी बीच दो युवक-युवती पानी से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए। उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही सानौधा पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू शुरू कराया गया। लेकिन नदी में बहाव तेज होने से रेस्क्यू नहीं किया जा सका। जिसके बाद एसडीईआरएफ को बुलाया गया। ढाई घंटे रेस्क्यू कर बाहर निकाला
इसी बीच घटना की सूचना मिलते ही रहली और गढ़ाकोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसडीईआरएफ की टीम आने पर रेस्क्यू शुरू किया गया। लाइटिंग की व्यवस्था कर जवान पानी में उतरे। पानी का बहाव तेज होने और पथरीली नदी के कारण रेस्क्यू में काफी मशक्कत करना पड़ी। करीब ढाई घंटे की मशक्कत कर रात करीब 10 बजे युवक-युवतियों को सुरक्षित नदी से बाहर निकाला गया। सभी को अस्पताल भेजा गया। जहां मेडिकल जांच के बाद उन्हें परिजन को सौंप दिया गया। पूर्व मंत्री भार्गव घटनास्थल पर पहुंचे
घटनाक्रम की सूचना मिलते ही रहली विधायक व पूर्वमंत्री गोपाल भार्गव आपचंद की गुफा पहुंच गए। जहां उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर बच्चों को बाहर निकालने के निर्देश दिए। वे रेस्क्यू पूरा होने तक मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने बारिश के मौसम में नदी और गुफा के आसपास सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। गढ़ाकोटा थाना प्रभारी गौरव सिंह तिवारी ने बताया कि आपचंद गुफा के पास निकली नदी में 7 युवक-युवती पानी के बीच फंस गए थे। दो बच्चे सुरक्षित बाहर निकल आए थे। सूचना पर रेस्क्यू कर सभी को बाहर निकाला गया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *