![]()
लखनऊ स्थित डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में शुक्रवार को एक निवेशक जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। अर्थशास्त्र विभाग और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के सहयोग से हुए इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को निवेश, वित्तीय बाजार और जोखिम प्रबंधन की विस्तृत जानकारी दी गई। यह सत्र प्रशासनिक भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में संपन्न हुआ। एनएसई के प्रतिनिधि अमित कुमार सक्सेना ने विद्यार्थियों को निवेश के तीन महत्वपूर्ण सिद्धांत बताए। इनमें जल्द शुरुआत करना, निवेश में विविधता लाना और लंबी अवधि के लिए निवेश करना शामिल है। उन्होंने यह भी सलाह दी कि निवेश संबंधी निर्णय अफवाहों या भावनाओं के आधार पर नहीं लेने चाहिए। निवेश से पहले अपनी जोखिम क्षमता, वित्तीय लक्ष्यों और विश्वसनीय जानकारी का मूल्यांकन करना आवश्यक है। वित्तीय समझ विकसित करने पर चर्चा अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रोफेसर राशि कृष्ण सिन्हा ने युवाओं में प्रारंभिक स्तर से ही वित्तीय समझ विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे युवा भविष्य में आय और निवेश से संबंधित निर्णय अधिक सूझबूझ के साथ ले पाएंगे। इस अवसर पर कॉमर्स संकाय के अधिष्ठाता प्रोफेसर संजीव गुप्ता, कला, मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता प्रोफेसर ए.के दुबे, शैक्षणिक अधिष्ठाता प्रोफेसर वी.के सिंह, प्रोफेसर अनामिका चौधरी, डॉ. अंजलि सिंह, डॉ. संदीप बलियान और सरिता सक्सेना सहित कई शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Source link
डॉ. शकुंतला मिश्रा विवि में निवेशक जागरूकता सत्र:एनएसई के सहयोग से छात्रों को निवेश के गुर सिखाए गए