नहीं खुलता था पूरा मुंह, SN में हुई जटिल सर्जरी:10 साल से परेशान था मरीज, प्लास्टिक सर्जरी विभाग ने किया ऑपरेशन


एसएन मेडिकल कॉलेज में प्लास्टिक सर्जरी विभाग के डॉक्टरों ने एक मरीज की जटिल टीएमजे एंकिलोसिस सर्जरी सफलतापूर्वक की है। जबड़े के जोड़ आपस में असामान्य रूप से जुड़ जाने के कारण मरीज का मुंह बिल्कुल नहीं खुलता था। सफल ऑपरेशन के बाद मरीज अब पूरी तरह मुंह खोल पा रहा है और ठीक से खाना भी खा रहा है। एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं डीन प्रो. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि टीएमजे एंकिलोसिस की सर्जरी काफी चुनौतीपूर्ण होती है। इसमें जबड़े के जोड़ असामान्य रूप से जुड़ जाते हैं, जिससे मरीज को मुंह खोलने में दिक्कत होती है। ऐसे मरीजों को खाना चबाने, बोलने और मुंह की साफ-सफाई में भी परेशानी होती है। प्लास्टिक सर्जरी विभाग की टीम ने मरीज का ऑपरेशन किया। सर्जरी में डॉ. पुनीत भारद्वाज, डॉ. श्री प्रिया पीपी, डॉ. प्रीति भारद्वाज, डॉ. आकाश, डॉ. अभिषेक पंकज और डॉ. अर्पिता शामिल रहीं। एनेस्थीसिया विभाग से डॉ. अमृता, डॉ. विकास और डॉ. पीयूषा ने ऑपरेशन के दौरान जिम्मेदारी संभाली। ऑपरेशन के बाद मरीज के दांतों की बाइट भी सामान्य हो गई है। मरीज और उसके परिजनों ने इलाज के बाद मेडिकल कॉलेज की टीम का आभार जताया। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञ डॉक्टरों की मदद से यहां इस तरह की जटिल सर्जरी की जा रही हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *