![]()
सोनभद्र के दुद्धी तहसील में स्थित कनहर सिंचाई परियोजना के कनहर बांध पर शुक्रवार दोपहर निर्माण कंपनी की एक बोलेरो अनियंत्रित होकर बांध में गिर गई। इस घटना में वाहन चालक घायल हो गया। बांध पर वाहन पलटने की यह दूसरी घटना है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। बताया गया कि बोलेरो चालक अधिकारियों को उतारने के बाद वाहन को आगे-पीछे कर रहा था। इसी दौरान गाड़ी पीछे की ओर जाने लगी। चालक ने ब्रेक लगाकर रोकने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बोलेरो बांध में पलट गई। कार्यदायी संस्था के जीएम सत्यनारायण राजू ने बताया कि दोपहर को कनहर बांध के ऊपर चेकिंग की जा रही थी। उन्होंने पुष्टि की कि चालक को हल्की चोटें आई हैं और कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई है। गौरतलब है कि कनहर बांध के ऊपर से निर्माण कंपनी के वाहन के पलटने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कंपनी का एक वाहन बांध के ऊपर से पलट चुका है। लगातार ऐसी घटनाओं के बाद बांध पर वाहनों की आवाजाही, सुरक्षा व्यवस्था और चालकों की सावधानी पर चिंता व्यक्त की जा रही है। ग्रामीणों ने बांध के ऊपर आवागमन के दौरान पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम और सावधानी बरतने की मांग की है। उनका कहना है कि बार-बार हो रही दुर्घटनाएं लापरवाही का परिणाम हो सकती हैं, जिसकी जांच होनी चाहिए और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
Source link
सोनभद्र के कनहर बांध में गिरी निर्माण कंपनी की बोलेरो:चालक घायल; बांध पर वाहन पलटने की दूसरी घटना, सुरक्षा पर सवाल