- Hindi News
- National
- Visakhapatnam School Controversy | Teacher Slaps UKG Student; Child Dies
विशाखापट्टनम2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

विशाखापट्टनम के वन टाउन इलाके में गुरुवार को 6 साल के बच्चे की हार्टअटैक से मौत का मामला सामने आया है। परिजन का आरोप है कि क्लास में टीचर ने उसे कपड़े उतारने की कोशिश की और थप्पड़ मारा था। इसका CCTV फुटेज भी सामने आया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रणय तेजा लिटिल गार्डन्स स्कूल में UKG में पढ़ता था। जब टीचर ने उसे मारा तो वह रोता हुआ टीचर के ऊपर ही गिर पड़ा। उसे किंग जॉर्ज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बच्चे के परिवार और रिश्तेदारों ने अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि टीचर की मारपीट के कारण बच्चे की मौत हुई।
CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामला पता चला
कक्षा का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया। फुटेज में शिक्षक बच्चे को अपनी ओर खींचती हुई दिखाई दे रही है और उसके कपड़े उतारने की कोशिश करती नजर आती है।
बताया गया कि यह सब होमवर्क की जांच के दौरान बच्चे को शर्मिंदा करने के लिए किया जा रहा था। बच्चा रोते हुए शिक्षक को रोकने के लिए हाथ हिलाता दिखाई देता है।
शिक्षक कुछ देर रुकती है और बच्चे से कुछ कहती हुई नजर आती है। इसके बाद वह उसके गाल पर थप्पड़ मारती है। बच्चा कुछ पल तक बिना हिले खड़ा रहता है और फिर शिक्षक से टकराकर गिर जाता है।
पुलिस मौत की वजह की जांच कर रही
पुलिस ने बच्चे की मौत की वजह की जांच शुरू कर दी है। अधिकारी CCTV फुटेज और मौत से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं।
जांच में यह भी देखा जा रहा है कि बच्चे को पहले से कोई स्वास्थ्य समस्या थी या नहीं। पुलिस ने कहा कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की जानकारी सामने आएगी।
शोक में डूबे परिवार ने पूरी जांच और बच्चे की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने भी कहा कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद अधिक जानकारी दी जाएगी।
यह खबर 20 अगस्त 2026 को शाम 4:51 बजे IST पर प्रकाशित हुई।
