युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दी:मायके से पत्नी के वापस न लौटने से परेशान था, इलाज के दौरान मौत


कानपुर देहात में पत्नी के मायके से वापस न लौटने से परेशान एक युवक की जहरीला पदार्थ खाने के बाद मौत हो गई। गुरुवार को जहरीला पदार्थ खाने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यह घटना सट्टी थाना क्षेत्र के शाहजहांपुर गांव की है। यहां रहने वाले 22 वर्षीय विजय बहादुर की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले फतेहपुर जिले के सुरासी गांव निवासी सविता से हुई थी। परिजनों के अनुसार, शादी के बाद से पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। विजय को शराब पीने की आदत थी, जिससे नाराज होकर उसकी पत्नी लगभग दो माह पहले मायके चली गई थी। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया परिजनों ने बताया कि पत्नी के मायके जाने के बाद विजय उसे वापस लाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा था। करीब 10 दिन पहले भी वह पत्नी को लेने ससुराल गया था, लेकिन पत्नी ने उसके साथ वापस आने से इनकार कर दिया। इस घटना के बाद से विजय काफी परेशान और गुमसुम रहने लगा था। गुरुवार को विजय रोज की तरह रिक्शा चलाकर घर लौटा। घर पहुंचने के बाद उसने परिजनों को बताया कि उसने सल्फास खा लिया है। यह सुनकर परिवार के लोग तुरंत उसे पुखरायां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सट्टी थानाध्यक्ष कालीचरण कुशवाहा ने बताया कि युवक द्वारा जहरीला पदार्थ खाने की जानकारी मिली है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *