![]()
उत्तराखंड के चमोली जिले के नारायणबगड़ में हिंसक कुत्तों के हमलों से अब तक 11 लोग घायल हो चुके हैं। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए 10 स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। इन स्कूलों के 600 से अधिक बच्चों की पढ़ाई ऑनलाइन कराई जा रही है। कुत्तों के डर से स्थानीय लोग घर से बाहर निकलते समय हाथ में डंडा लेकर चल रहे हैं। चमोली जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देश पर मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सरस्वत ने स्कूलों में अवकाश का आदेश जारी किया था। पहले 20 से 23 अगस्त तक चार दिन के अवकाश की घोषणा हुई, जिसे बाद में घटाकर दो दिन कर दिया गया। स्थानीय लोगों का दावा है कि एक पागल कुत्ते ने अन्य कुत्तों को काटा, जिसके बाद क्षेत्र में कई कुत्ते आक्रामक हो गए। हालांकि, इस दावे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। रविवार से बुधवार तक ऐसे बढ़े हमले स्थानीय लोगों के अनुसार, रविवार और सोमवार को 3 लोग कुत्तों के हमले का शिकार हुए। मंगलवार को स्कूली बच्चों समेत 4 लोगों को काटा गया, जबकि बुधवार को 3 स्कूली बच्चों समेत 4 अन्य लोगों पर हमला हुआ। बुधवार को घायल दीपांशु बिष्ट, मानवी, वैष्णवी, मजदूर प्रकाश और पंती गांव निवासी लक्ष्मी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्हें एंटी-रेबीज के इंजेक्शन लगाए गए। JK के राजौरी में स्कूल बंद करने पड़े थे भारत के इतिहास में ऐसा दूसरी बार हो रहा है, जब हिंसक कुत्तों के आतंक के कारण स्कूलों को बंद करना पड़ा है। इससे पहले जम्मू-कश्मीर के राजौरी में कुत्तों के आतंक के कारण 8 ग्राम पंचायतों के स्कूल एक दिन के लिए बंद करने पड़े थे। वहां लोगों की सुरक्षा के लिए CRPF भी तैनात करनी पड़ी थी। अब नारायणबगड़ में लगातार हो रहे हमलों के बाद प्रशासन को 10 स्कूल बंद करने का फैसला लेना पड़ा है। खंड शिक्षा अधिकारी अनिनाथ के अनुसार, अवकाश के दौरान शिक्षक ऑनलाइन माध्यम से विद्यार्थियों की पढ़ाई करा रहे हैं, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो। 17 सदस्यीय संयुक्त टीम चला रही ऑपरेशन हिंसक कुत्तों को पकड़ने के लिए वन विभाग, पशुपालन विभाग, तहसील और पुलिस की संयुक्त टीम क्षेत्र में अभियान चला रही है। इसमें वन विभाग के 5, पशुपालन विभाग के 4 और तहसील के 4 कर्मचारी शामिल हैं। अभियान की निगरानी एसडीएम यदवीर सिंह कर रहे हैं, जबकि टीम के साथ 2 से 3 पुलिसकर्मी भी तैनात हैं। कुत्तों को जाल की मदद से पकड़ा जा रहा है। टीम अब तक 3 कुत्तों को पकड़ चुकी है। पशुपालन विभाग ने नारायणबगड़ पशु चिकित्सालय में 2 कैंप शुरू किए हैं। पकड़े गए कुत्तों का वैक्सीनेशन किया जा रहा है, साथ ही विभाग लोगों को अपने कुत्तों का टीकाकरण कराने के लिए जागरूक कर रहा है। चमोली के पशु चिकित्सा अधिकारी देवेंद्र सिंह बिष्ट के अनुसार, नारायणबगड़ क्षेत्र में अब तक 22 कुत्तों का वैक्सीनेशन किया जा चुका है। इसके अलावा 2 गाय और एक बछड़े का भी टीकाकरण किया गया है। पैठाणी और मीन गदेरे में भी कैंप लगाकर कुत्तों की निगरानी और वैक्सीनेशन किया जा रहा है। —————– ये खबर भी पढ़ें : हल्द्वानी में फिल्मी स्टाइल में डकैती: खुद को SOG बताकर ऑफिस में घुसे 10-12 हथियारबंद बदमाश, 8 लाख कैश, सोने की चेन और 12 मोबाइल ले उड़े हल्द्वानी में बुधवार देर रात एक बेहद सनसनीखेज डकैती का मामला सामने आया है। यहां बरेली रोड स्थित गोरापड़ाव क्षेत्र में 10 से 12 हथियारबंद बदमाशों ने एक कमर्शियल ऑफिस में धावा बोलकर लाखों रुपये की लूट को अंजाम दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि बदमाशों ने खुद को पुलिस (SOG) की टीम बताया और तमंचे के दम पर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पढ़ें पूरी खबर…
Source link
उत्तराखंड में पागल कुत्तों के आतंक से 10 स्कूल बंद:भारत में दूसरी बार हो रहा ऐसा, ऑनलाइन होगी पढ़ाई; घरों से डंडा लेकर निकल रहे लोग