![]()
हापुड़ के कोतवाली देहात क्षेत्र के धनौरा गांव में गुरुवार सुबह 38 वर्षीय सीटू उर्फ आशीष ने खुद को आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, वह पिछले कई वर्षों से मानसिक परेशानी से जूझ रहा था और उसका इलाज भी चल रहा था। जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 7 बजे सीटू घर से निकला और एक दुकान से लाइटर खरीदा। इसके बाद वह अपने चाचा जयभगवान के घर पहुंचा। बताया गया कि उसने बाइक से पेट्रोल निकाला और एक कमरे में जाकर अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया। इसके बाद लाइटर से आग लगा ली। कमरे से धुआं निकलता देखकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने आग बुझाकर उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह गंभीर रूप से झुलस चुका था। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने जांच की, परिजनों ने पोस्टमार्टम से इनकार किया घटना की सूचना मिलने पर थाना देहात प्रभारी पारस मलिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। पुलिस के मुताबिक, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और किसी तरह की कानूनी कार्रवाई नहीं कराने की बात कही। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया। युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी स्पष्ट वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। पिता की पहले हो चुकी है मौत सीटू के पिता राकेश त्यागी की कई वर्ष पहले मौत हो चुकी है। परिवार में उसकी मां प्रवेश और तीन भाई मनीष, राजन और रिंकू हैं। थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों ने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इनकार किया है।
Source link
हापुड़ में मानसिक विक्षिप्त ने खुद को आग लगाई:चाचा के घर कमरे में खुदपर पेट्रोल छिड़का; मौके पर मौत