![]()
मिर्जापुर में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों को 20 अगस्त को बंद किए जाने संबंधी एक फर्जी पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसके बाद शिक्षा विभाग ने स्थिति स्पष्ट की है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) अनिल कुमार वर्मा ने इस पत्र को पूरी तरह फर्जी बताया है। बीएसए वर्मा ने कहा कि कार्यालय स्तर से 20 अगस्त को विद्यालय बंद किए जाने के संबंध में कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि किसी शरारती तत्व ने यह फर्जी पत्र तैयार कर विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों में प्रसारित किया है। वायरल पत्र प्रथम दृष्टया एआई (AI) जनरेटेड प्रतीत हो रहा है। इसमें कक्षा एक से आठ तक के विद्यालयों को बंद करने का उल्लेख था, जिससे अभिभावकों, शिक्षकों और छात्रों में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई थी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि 20 अगस्त को जनपद के सभी विद्यालय निर्धारित समयावधि तक संचालित होंगे। विभाग की ओर से विद्यालय बंद करने का कोई नया आदेश जारी नहीं किया गया है। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले किसी भी आदेश पर बिना पुष्टि के विश्वास न करें। बीएसए ने बताया कि फर्जी पत्र सबसे पहले किस व्यक्ति ने व्हाट्सएप ग्रुप में डाला और किसने उसकी प्रमाणिकता की जांच किए बिना उसे अन्य ग्रुपों में आगे बढ़ाया, इसकी जांच कराई जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जांच में फर्जी पत्र तैयार करने, प्रसारित करने अथवा बिना सत्यापन के आगे भेजने वाले दोषी व्यक्तियों की पहचान होने पर उनके खिलाफ नियमानुसार विभागीय एवं विधिक कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा विभाग ने आम जनता से अपील की है कि विद्यालयों के अवकाश या संचालन से संबंधित किसी भी सूचना की पुष्टि केवल विभागीय आदेशों या अधिकृत माध्यमों से ही करें, ताकि फर्जी सूचनाओं के कारण अनावश्यक भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।
Source link
मिर्जापुर में स्कूलों में छुट्टी का फर्जी लेटर:आज 8वीं तक के स्कूलों को बंद करने का जिक्र था, बीएसए ने बताया AI जनरेटेड