![]()
कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) में अनियमितताओं और गंभीर मामलों में संलिप्त कर्मचारियों पर कार्रवाई का सिलसिला जारी है। विभाग ने मंगलवार को अब दो और कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया। इनमें जोन-1 प्रवर्तन अनुभाग में चपरासी रहे दीपक उपाध्याय और केडीए में माली पद पर तैनात रहे शनि शामिल हैं। दीपक उपाध्याय पर हालसी रोड, कुली बाजार स्थित भवन संख्या 77/2 में चल रही अवैध बेसमेंट की खोदाई की जानकारी छिपाने का आरोप था। इस मामले में उसे छह जनवरी 2021 को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू की गई थी। इसके बाद 12 अप्रैल 2021 को आरोप पत्र जारी किया गया। दीपक जून 2021 से बिना सूचना कार्यालय से अब तक अनुपस्थित रहा। इससे विभागीय जांच भी प्रभावित हुई। जांच अधिकारी की रिपोर्ट में दीपक के खिलाफ लगाए गए आरोप एकपक्षीय रूप से सिद्ध पाए गए। पत्नी की हत्या के मामले में माली को किया बर्खास्त वहीं, केडीए में माली पद पर तैनात रहे शनि को पत्नी की हत्या के मामले में अपर सत्र न्यायाधीश-01 की अदालत ने 18 अक्टूबर 2023 को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। शनि 15 अप्रैल 2025 से हाईकोर्ट से स्टे मिलने के बाद जमानत पर है। हालांकि, उसके खिलाफ दोष सिद्ध प्रभावी रहने के चलते केडीए उपाध्यक्ष ने 18 अगस्त को कार्रवाई के आदेश दिए। इसके बाद मंगलवार को दीपक और शनि दोनों कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया।
Source link
KDA में दो कर्मचारियों पर गिरी गाज:अवैध बेसमेंट की जानकारी छिपाने वाले चपरासी और पत्नी की हत्या में दोषी माली बर्खास्त