Fatehpur KGBV Dalit Students Discrimination Controversy

राम चंद्र सैनी | फतेहपुर6 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

फतेहपुर में असोथर ब्लॉक स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय (KGBV) में दलित छात्राओं के साथ कथित भेदभाव और अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। छात्राओं और उनके परिवारों ने विद्यालय की कुछ अध्यापिकाओं पर जातिसूचक टिप्पणी करने, पर्याप्त भोजन नहीं देने और बाथरूम समेत अन्य जगहों पर सफाई कराने के आरोप लगाए हैं।

मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे पीड़ित परिवार जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। असोथर ब्लॉक के सतो गांव निवासी गीता देवी ने बताया कि उनकी पोतियां किरण और कशिश तथा एक अन्य छात्रा अंजली विद्यालय में पढ़ती हैं।

परिवारों के मुताबिक, कुछ समय पहले विद्यालय में भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की गई थी। इस शिकायत की जांच भी हुई थी। आरोप है कि इसके बाद से विद्यालय प्रशासन छात्राओं से नाराज रहने लगा।

भोजन मांगने पर बाहर निकालने की धमकी का आरोप

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को दिए शिकायती पत्र में अध्यापिकाओं परवीन बानो, अरुणा गौतम और प्रीति गौतम पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायत में कहा गया है कि छात्राओं के भोजन मांगने पर उन्हें विद्यालय से बाहर निकालने की धमकी दी जाती थी। विरोध करने पर बड़ी छात्राओं से मारपीट कराने का आरोप भी लगाया गया है।

जाति को लेकर अपमानित करने और सफाई कराने का आरोप

परिजनों ने आरोप लगाया कि छात्राओं को उनकी जाति को लेकर अपमानित किया गया। उनसे पढ़ाई के अलावा विद्यालय के बाथरूम और अन्य स्थानों की सफाई भी कराई गई। शिकायत के मुताबिक, छात्राओं की जाति को सफाई के काम से जोड़कर टिप्पणी की गई, जिससे वे मानसिक रूप से परेशान हैं।

डीएम से निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग

पीड़ित परिवारों ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने छात्राओं को सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल उपलब्ध कराने तथा आरोप सही पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। अब जिला प्रशासन की जांच और उसके आधार पर होने वाली कार्रवाई का इंतजार है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *