हाथरस में कांग्रेस का प्रदर्शन, समस्याओं पर ध्यान खींचा:बिजली-सड़क और बढती महंगाई पर राष्ट्रपति को दिया ज्ञापन


हाथरस में कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे। उन्होंने जनसमस्याओं को लेकर धरना प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन के उपरांत कांग्रेसियों ने दो अलग-अलग ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपे। एक ज्ञापन महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित था, जबकि दूसरा ज्ञापन जनपद हाथरस की स्थानीय समस्याओं के समाधान हेतु जिलाधिकारी को प्रेषित किया गया। धरने को संबोधित करते हुए चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने कहा कि आम जनता बढ़ती महंगाई, रसोई गैस की किल्लत और लगातार बढ़ती कीमतों से जूझ रही है। उन्होंने बताया कि गैस सिलेंडर प्राप्त करने के लिए लोगों को लंबी लाइनों में लगना पड़ रहा है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। साथ ही, डीजल के बढ़ते दामों के कारण खाद्य सामग्री महंगी होती जा रही है। ज्ञापन में स्मार्ट मीटर व्यवस्था के नाम पर उपभोक्ताओं को हो रही परेशानियों बदहाल विद्युत व्यवस्था, झूलती हाईटेंशन लाइनों, जर्जर सड़कों और शहर में व्याप्त गंदगी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। इसके अतिरिक्त, शहीद पार्कों की दुर्दशा तथा जिला अस्पताल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की कमी और गंभीर चिकित्सा सुविधाओं के अभाव का भी जिक्र किया गया। कांग्रेस नेता ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो जनहित में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव पंडित अविनाश चंद्र पचौरी, किसान प्रकोष्ठ के पूर्व जिला अध्यक्ष जयशंकर पाराशर, जिला उपाध्यक्ष पंडित ऋषि कुमार कौशिक, जिला उपाध्यक्ष जैनुद्दीन जैन एडवोकेट, महिला शहर अध्यक्ष आमना बेगम, पीसीसी सदस्य बीना गुप्ता एडवोकेट, महिला जिला अध्यक्ष कृष्ण गुप्ता, पूर्व जिला सचिव हरिशंकर वर्मा, शहर महामंत्री देवेंद्र शर्मा, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के जिला अध्यक्ष कुलदीप कुमार, पूर्व जिला सचिव चौधरी उदल सिंह, पूर्व सोशल मीडिया प्रभारी कपिल नरूला, मोहम्मद तौसीफ, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष काजल चौधरी, महाराज सिंह, राजकुमार, आसमा सुल्तान, रेशमा, काले खान, शमां, पन्नालाल, गिरिराज सिंह गहलोत, कुर्बान अली और शहजादा सहित तमाम कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *