नूरुल अली | कानपुर3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

कानपुर के चकेरी में चोरों ने रात के अंधेरे में चाय की दुकान का ताला तोड़ दिया। अंदर घुसे चोर गुल्लक से 10-15 हजार रुपये नकद, करीब 50-60 हजार रुपये का राशन और अन्य सामान समेट ले गए। दुकान में लगे CCTV कैमरों को भी तोड़ दिया, ताकि उनकी करतूत रिकॉर्ड न हो सके। लेकिन चोरों की यह चाल काम नहीं आई। बगल के मकान में लगे CCTV कैमरे में उनकी पूरी गतिविधि कैद हो गई। पुलिस ने फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
सुबह दुकान खोली तो टूटा मिला ताला
मोड़ जीटी रोड स्थित चाय की दुकान चलाने वाले बृज मोहन सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 6 बजे वह दुकान खोलने पहुंचे। वहां ताला टूटा मिला। अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच की तो चोरी का पता चला।
दुकानदार के मुताबिक, चोर गुल्लक में रखे करीब 10-15 हजार रुपये, 50-60 हजार रुपये का राशन और अन्य कीमती सामान ले गए। चार्जिंग पर लगे दो मोबाइल फोन भी चोर उठा ले गए।
दुकान के CCTV तोड़े, पड़ोसी के कैमरे में कैद हुए
चोरों ने दुकान में लगे दोनों CCTV कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। उन्हें लगा कि कैमरे टूटने के बाद उनकी पहचान नहीं हो सकेगी। लेकिन दुकान के बगल में मकान में लगे CCTV कैमरे में चोरों की गतिविधियां रिकॉर्ड हो गईं।
घटना की जानकारी मिलने पर चकेरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ CCTV फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। दुकानदार ने थाने में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
रात की गश्त पर उठे सवाल
चोरी की वारदात के बाद इलाके में रात्रि गश्त को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि रात में चोर आसानी से दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। पुलिस की गश्त होती तो वारदात रोकी जा सकती थी।
चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल और CCTV फुटेज की जांच की जा रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
