![]()
मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र स्थित अनवार नगर में बाइक स्टंट का विरोध करने पर एक परिवार पर हमला किया गया। आरोप है कि स्टंट करने से मना करने पर नाराज युवकों ने अपने साथियों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस घटना में चार लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां एक व्यक्ति की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पीड़ित फहीम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार रात करीब 11:30 बजे कुछ युवक उनके घर के बाहर बाइक से स्टंट कर रहे थे। परिवार के सदस्यों ने युवकों को ऐसा करने से रोका। आरोप है कि इससे नाराज होकर युवक कुछ देर बाद अपने साथियों के साथ वापस लौटे। पीड़ित के अनुसार, युनुस, मोहम्मद कैफ, अल्फैज, गुफरान, साहिल और जुफरान ने परिवार के लोगों को घेर लिया और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में भूरा, वसीम, शमीम और छोटू घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकले। परिजनों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने भूरा की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया, जबकि अन्य तीन घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है। पीड़ित पक्ष ने कटघर थाने में नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कहा है कि तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
बाइक स्टंट रोकने पर परिवार पर हमला:मुरादाबाद में युवकों ने लाठी-डंडों से पीटा, चार घायल