हापुड़ में कार में मिला युवक का शव:पुलिस जांच में जुटी, बहन के घर गया था


हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में कुचेसर फ्लाईओवर के सर्विस रोड पर शनिवार शाम लगभग साढ़े पांच बजे एक कार में 26 वर्षीय युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को एंबुलेंस से सीएचसी सिखेड़ा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर जांच कराई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान ग्राम शकरपुर निवासी अरुण (26) के रूप में हुई है। मृतक के चाचा कुलदीप ने बताया कि अरुण 14 अगस्त को अपनी स्विफ्ट कार संख्या यूपी-15 एचटी-4259 से अपनी बहन नेहा पत्नी नरेश निवासी बंबावड़, थाना बादलपुर, गौतमबुद्धनगर के यहां सिंधारा देने गया था। इसके बाद अरुण वापस लौट रहा था। परिजनों के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे अरुण की अंशुल से फोन पर बातचीत हुई थी। शव का करवाया पोस्टमार्टम उस समय वह कथित तौर पर काफी शराब के नशे में था और ज्यादा बातचीत नहीं कर सका। कुछ समय बाद परिजनों को सूचना मिली कि अरुण की कार कुचेसर फ्लाईओवर के सर्विस रोड पर खड़ी है और उसमें वह मृत अवस्था में पड़ा है। बाबूगढ़ पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। कोतवाली प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *