प्रयागराज के CMP डिग्री कॉलेज में निकली तिरंगा रैली:छात्रों ने लगाए देशभक्ति के नारे, NSS-NCC महिला विंग भी हुए शामिल


प्रयागराज के सीएमपी डिग्री कॉलेज में शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले तिरंगा रैली निकाली गई। जिसमें महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। रैली का नेतृत्व प्राचार्य प्रो. अजय प्रकाश खरे ने किया। तिरंगा रैली में महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की सभी इकाइयों तथा NCC महिला विंग ने उत्साहपूर्वक एवं सक्रिय सहभागिता की। हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने नारे लगाए। रैली महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर बैरहना चौराहे से होते हुए महाविद्यालय परिसर में पहुंची। इस दौरान विद्यार्थियों ने अनुशासन एवं उत्साह के साथ तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का प्रदर्शन किया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अजय प्रकाश खरे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति नागरिक कर्तव्यों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की प्रगति एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंन कहा कि हमारे देश का तिरंगा हमेशा इसी प्रकार शान से लहराता रहे और हम सब में देशभक्ति की भावना सदैव बनी रहे। देश से ऊपर और देश से बढ़कर कुछ भी नहीं है, यह भाव हमारे भीतर गहराई से स्थापित होना चाहिए। ​हम सब अपने व्यक्तिगत कार्यों के लिए आगे बढ़ते हैं और प्रयास करते हैं, लेकिन यदि कभी हमारे निजी हित और राष्ट्रहित के बीच टकराव की स्थिति बने, तो हमें हमेशा राष्ट्र को ही प्राथमिकता देनी होगी। मेरी यह इच्छा और अपेक्षा है कि ऐसा हम सभी का साझा दृष्टिकोण बने, क्योंकि देश की भी हमसे यही उम्मीद है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *