धान की फसल रौंदकर खेत की मेड़ रातोंरात बदली:महिला ने बिना पैमाइश कब्जे करने की कोशिश का लगाया आरोप, डीएम से शिकायत


मैनपुरी के एलाऊ थाना क्षेत्र के दलपुरा गांव में कृषि भूमि की मेड़ को लेकर विवाद सामने आया है। गांव निवासी मुन्नी देवी पत्नी काशीराम ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि विपक्षी पक्ष ने रात में उनके खेत में जबरन मेड़ डालकर खड़ी धान की फसल को नुकसान पहुंचाया और भूमि पर अवैध कब्जे का प्रयास किया। मुन्नी देवी के मुताबिक, गाटा संख्या 320घ, रकबा 0.2910 हेक्टेयर भूमि खतौनी में उनके नाम दर्ज है। इसी जमीन को लेकर सिविल जज अवर वर्ग की अदालत में मामला विचाराधीन है और 14 अगस्त को सुनवाई निर्धारित है। महिला का आरोप है कि न्यायालय में मामला लंबित होने के बावजूद रात में खेत में मेड़ डाल दी गई। उन्होंने यह भी कहा कि कानूनगो और लेखपाल की ओर से नियमानुसार पैमाइश नहीं की गई। लेखपाल पर भी लगाए आरोप शिकायत में महिला ने लेखपाल गौरव कुमार पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि विपक्षी पक्ष के प्रभाव में आकर लेखपाल ने कार्रवाई की और 18 जुलाई की कथित पैमाइश रिपोर्ट के आधार पर उनके पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। महिला का कहना है कि पैमाइश के दौरान उन्हें या उनके पति को मौके पर नहीं बुलाया गया और न ही कोई नोटिस दिया गया। मुन्नी देवी के अनुसार, उनके पति ने जब पैमाइश रिपोर्ट की प्रति मांगी तो लेखपाल ने कथित तौर पर रिपोर्ट देने से इनकार कर दिया। महिला का आरोप है कि खेत में मेड़ डाले जाने की जानकारी मिलने पर जब वह मौके पर पहुंचीं तो विपक्षी पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज की और लाठी के बल पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने अपने पति को सूचना दी और 112 पर पुलिस को फोन किया। चौकी इंचार्ज भांवत तथा हेल्पलाइन 1076 पर भी शिकायत दर्ज कराई गई। हालांकि, महिला का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद अब तक मामले में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी को 27 जुलाई तथा 1 अगस्त को भी प्रार्थना पत्र दिए जा चुके हैं। मुन्नी देवी ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, जांच पूरी होने तक उनके पति की गिरफ्तारी पर रोक लगाने और विवादित भूमि की निष्पक्ष एवं नियमानुसार पैमाइश कराने की मांग की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *