![]()
मऊ जनपद में बदलते मौसम का असर लोगों के स्वास्थ्य पर स्पष्ट दिखाई दे रहा है। जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की भीड़ बढ़ गई है, जहां गुरुवार को दोपहर 2 बजे तक 1200 से अधिक मरीजों का रजिस्ट्रेशन किया गया। कभी तेज गर्मी तो कभी बारिश के कारण मौसम में अचानक ठंडक होने से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव के बीच सर्दी, जुकाम, बुखार, खांसी और अन्य मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है।
जिला अस्पताल के अलावा शहर के विभिन्न निजी अस्पतालों और क्लीनिकों में भी मरीजों की भारी भीड़ देखी जा रही है। बड़ी संख्या में लोग मौसम परिवर्तन के कारण होने वाली बीमारियों का इलाज कराने के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला अस्पताल प्रशासन ने स्वास्थ्यकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। सभी चिकित्सकों को समय पर अपने-अपने कक्षों में उपस्थित होकर मरीजों की जांच और उपचार करने की सलाह दी गई है।
अस्पताल प्रशासन ने यह भी निर्देश दिए हैं कि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए जांच, दवा और उपचार की समुचित व्यवस्था बनाए रखी जाए। अस्पताल के सभी संबंधित कर्मचारियों को भी अलर्ट रहने को कहा गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. धनंजय कुमार सिंह ने बताया कि मरीजों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सभी स्वास्थ्यकर्मियों को समय से अपनी ड्यूटी पर उपस्थित रहने की हिदायत दी गई है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों की जांच और इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न हो, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। उन्होंने लोगों से मौसम में बदलाव के दौरान अपने स्वास्थ्य के प्रति विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
Source link
मऊ में 1200 से अधिक मरीजों का रजिस्ट्रेशन:बदलते मौसम से बिगड़ी सेहत, ओपीडी में बढ़ी भीड़