![]()
हरदोई में कोर्ट के आदेश पर फ्लिपकार्ट के प्रबंध निदेशक और बैंक ऑफ इंडिया की नघेटा इंडस्ट्रियल स्टेट शाखा के प्रबंधक के खिलाफ साइबर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। एसीजेएम तृतीय कोर्ट के निर्देश पर मंगलवार शाम साइबर क्राइम थाने में एफआईआर दर्ज हुई। शहर के इंदिरा नगर निवासी 38 वर्षीय विनय मिश्रा कृष्णा प्रिंटर्स का संचालन करते हैं। उनका आरोप है कि 19 मई 2026 को उनके बैंक खाते से बिना जानकारी और सहमति के यूपीआई के जरिए कुल 89,654 रुपए निकाल लिए गए। विनय मिश्रा के मुताबिक, उनके खाते से 29,400, 30,000, 10,127, 10,127 और 10,000 रुपए की अलग-अलग पांच किस्तों में रकम काटी गई। अगले दिन 20 मई को उन्होंने यूपीआई से लेनदेन करने का प्रयास किया तो सुविधा बाधित मिली। बैंक से स्टेटमेंट निकलवाने और ऑनलाइन शिकायत करने पर उन्हें कथित तौर पर पता चला कि उनके खाते का इस्तेमाल फ्लिपकार्ट के गिफ्ट वाउचर खरीदने में किया गया है। कहा- मैंने नहीं खरीदे कोई गिफ्ट वाउचर पीड़ित का आरोप है कि उन्होंने फ्लिपकार्ट से किसी तरह का गिफ्ट वाउचर नहीं खरीदा था और न ही खाते से रकम काटने की अनुमति दी थी। मामले को लेकर उन्होंने साइबर थाने और पुलिस अधीक्षक को रजिस्ट्री के जरिए शिकायत भेजी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर अदालत की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा अदालत के निर्देश के बाद साइबर क्राइम थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब बैंक खाते से हुए लेनदेन, यूपीआई ट्रांजेक्शन और गिफ्ट वाउचर खरीद से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। मामले में आरोपों की पुष्टि विवेचना के बाद ही हो सकेगी।
Source link
फ्लिपकार्ट के एमडी और बैंक मैनेजर पर धोखाधड़ी का केस:हरदोई के साइबर थाने में FIR, यूपीआई से पांच बार में निकली रकम