भदोही सीएमओ ने 38 स्वास्थ्यकर्मियों का वेतन रोका:एचपीवी टीकाकरण में लापरवाही पर 6 अधीक्षक, 16 प्रभारी और 16 एएनएम पर कार्रवाई


भदोही में एचपीवी टीकाकरण अभियान में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. एसके चक ने सख्त कार्रवाई की है। मंगलवार को समीक्षा के दौरान लापरवाही सामने आने पर छह सीएचसी अधीक्षकों, 16 पीएचसी प्रभारियों और 16 एएनएम समेत कुल 38 स्वास्थ्यकर्मियों का एक दिन का वेतन रोक दिया गया। कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। दरअसल, जिले में 14 से 15 वर्ष की 19 हजार किशोरियों को एचपीवी टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके सापेक्ष अब तक महज करीब तीन हजार किशोरियों का ही टीकाकरण हो सका है। सीएमओ ने पहले स्टाफ नर्सों और एएनएम को प्रतिदिन पांच से 10 एचपीवी टीके लगाने के निर्देश दिए थे, लेकिन कई केंद्रों पर इसका पालन नहीं किया गया। टीकाकरण के बाद लाभार्थियों का विवरण ई-कवच पोर्टल पर अपलोड किया जाता है। मंगलवार को पोर्टल की समीक्षा के दौरान केंद्रवार प्रगति बेहद कम मिलने पर सीएमओ ने जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की। उन्होंने स्पष्ट किया कि अग्रिम आदेश के बाद ही संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों का रोका गया वेतन बहाल किया जाएगा। सीएमओ के अनुसार, एएनएम और स्टाफ नर्स टीकाकरण का कार्य करती हैं, जबकि पीएचसी प्रभारी उनकी निगरानी करते हैं। वहीं, सीएचसी अधीक्षक पीएचसी स्तर की व्यवस्थाओं और कार्यप्रगति की निगरानी करते हैं। टीकाकरण लक्ष्य पूरा कराने में निगरानी स्तर पर भी लापरवाही मिलने पर यह कार्रवाई की गई है। डॉ. एसके चक ने बताया कि गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर से बचाव के लिए 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं को एचपीवी टीका लगाया जा रहा है। प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र को निर्धारित लक्ष्य दिया गया है, लेकिन कई केंद्रों पर लक्ष्य के सापेक्ष टीकाकरण काफी कम पाया गया। संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वेतन रोकने की कार्रवाई की जद में लालानगर पीएचसी प्रभारी डॉ. विरेंद्र कुमार, डेरवा के शशांक श्रीवास्तव, जयरामपुर की शशिकला द्विवेदी, ममहर के डॉ. राशिद मुराद, मानिकपुर की डॉ. शिवांगी गुप्ता, सेमराध के डॉ. अंकित, महजूदा के डॉ. सुमित शुक्ला, चकटोडर के डॉ. विश्राम मौर्या, कसियापुर के डॉ. धर्मेंद्र वर्मा, नई बाजार की डॉ. अंजू मिश्रा, गोपीगंज के डॉ. अखिलेश सिंह और पकरी की डॉ. रुचिका गुप्ता समेत कुल 38 स्वास्थ्यकर्मी शामिल हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *