![]()
फर्रुखाबाद में शनिवार शाम करीब 7:30 बजे लगातार हो रही तेज बारिश के बीच कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। हादसे के समय मकान से सामान निकाल रहे दिनेश कुमार और उनके चचेरे भाई संदीप गंगवार (55) मलबे में दब गए। परिजनों और ग्रामीणों ने दिनेश को तत्काल बाहर निकाल लिया, जबकि संदीप मलबे में दबे रहे। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मामला नवाबगंज थाना क्षेत्र के कनासी गांव का है। सामान निकालते समय अचानक गिर गई दीवार कनासी गांव निवासी दिनेश का मकान कच्चा था। पिछले दो दिनों से लगातार बारिश होने के कारण मकान के गिरने की आशंका बनी हुई थी। मकान में कुछ सामान रखा था। शनिवार शाम दिनेश और उनके चचेरे भाई संदीप सामान बाहर निकाल रहे थे। इसी दौरान अचानक मकान की दीवार भरभराकर गिर गई और दोनों मलबे में दब गए। दीवार गिरने की आवाज सुनकर परिवार के लोग और पड़ोसी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने दिनेश को मलबे से बाहर निकाल लिया, लेकिन संदीप का पता नहीं चल सका। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही नवाबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मलबे में संदीप की तलाश शुरू की। होश में आने पर दिनेश ने बताई जगह हादसे में घायल दिनेश को बाहर निकालने के बाद उनका इलाज किया गया। करीब एक घंटे बाद होश में आने पर उन्होंने पुलिस और ग्रामीणों को बताया कि संदीप मलबे के किस हिस्से में दबे हैं। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने करीब एक घंटे तक मलबा हटाकर संदीप को बाहर निकाला। संदीप की हालत गंभीर थी। पुलिस वाहन से उन्हें सीएचसी नवाबगंज ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर कर दिया। लोहिया अस्पताल में मृत घोषित संदीप को लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। संदीप की पत्नी ममता और 10 वर्षीय बेटे आकाश का रो-रोकर बुरा हाल है। अस्पताल प्रशासन ने शव को मोर्चरी में रखवाकर थाना पुलिस को सूचना दी है। वहीं, दिनेश कुमार का सीएचसी नवाबगंज में प्राथमिक उपचार किया गया।
Source link
फर्रुखाबाद में कच्चा मकान गिरने से युवक की मौत:एक घायल, बारिश के बीच सामान निकालते समय हादसा