बृजेश कुमार गुप्ता | महराजगंज4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

महराजगंज के नौतनवां क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा पर यूरिया खाद की अवैध तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से आठ गठ्ठर और दो बोरी यूरिया खाद, छह साइकिलें और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर सीमा क्षेत्र में अवैध खाद तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों में नेपाल के रुपंदेही और लुंबिनी जिलों के निवासी शामिल हैं। इसके अलावा महराजगंज जिले के नौतनवां और सोनौली क्षेत्र के रहने वाले आरोपी भी पकड़े गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमलेश लोध निवासी हरदी, थाना हरिनहवा, जिला रुपंदेही नेपाल, संदीप कुर्मी निवासी मिश्रौलिया, थाना भैरहवा, जिला लुंबिनी नेपाल, दुर्गेश चौधरी निवासी वार्ड नंबर-14 गौतमबुद्ध नगर, नौतनवां, ध्रुप लोध निवासी हरदी नेपाल, बृहानन्द तेली निवासी बैर घाट, थाना हरिनहवा नेपाल, मनोज चौधरी निवासी वार्ड नंबर-15 सरोजनी नगर, नौतनवां और नागेश्वर निवासी श्यामकाट, थाना सोनौली के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामद खाद और वाहनों को कब्जे में लेते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ कस्टम अधिनियम की धारा 113 के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद मोटरसाइकिल का नंबर UP56AB4311 बताया गया है।
