मंदिर से लौट रही महिला से मारपीट-छेड़छाड़ का आरोप:रामपुर में फायरिंग में 4 घायल, पीड़िता ने ASP से की शिकायत; जांच की मांग


रामपुर में मंदिर से पूजा कर लौट रही एक महिला ने रास्ते में घेरकर मारपीट, छेड़छाड़ और फायरिंग करने का आरोप लगाया है। सोमवार रात करीब 8:10 बजे हुई घटना में महिला समेत चार लोगों के छर्रे लगने की बात सामने आई है। पीड़िता ने मंगलवार को अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ASP ने मामले की जांच सीओ को सौंपी है। पीड़िता नीशा आर्या ने शिकायती पत्र में बताया कि वह सोमवार रात व्रत के चलते मंदिर में पूजा करने गई थीं। पूजा के बाद घर लौटते समय रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और अभद्रता करने लगे। आरोप है कि अंकुश चौधरी, नंदू चौहान और इत्तकाफ खां समेत अन्य लोगों ने उनके साथ छेड़छाड़ की और कपड़े फाड़ने का प्रयास किया। नीशा के मुताबिक, विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान तमंचे से फायरिंग भी की गई। फायरिंग में महिला समेत चार लोगों को छर्रे लगने का आरोप है। मारपीट के दौरान एक अन्य महिला के हाथ में भी चोट आई। पीड़िता ने घटना के दौरान मौके पर मौजूद अन्य लोगों के साथ भी मारपीट किए जाने की बात कही है। CCTV फुटेज की जांच की मांग पीड़िता ने पुलिस को बताया कि घटनास्थल के आसपास कई CCTV कैमरे लगे हुए हैं। उन्होंने पुलिस से कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच कराने की मांग की है, ताकि घटना की वास्तविक स्थिति सामने आ सके। इसके अलावा उन्होंने आरोपियों के कथित आपराधिक रिकॉर्ड और संपत्ति की भी जांच कराने की मांग की है। ASP ने सीओ को दिए जांच के निर्देश शिकायत मिलने के बाद अपर पुलिस अधीक्षक ने मामले का संज्ञान लेते हुए सीओ को जांच के निर्देश दिए हैं। थाना टांडा पुलिस भी मामले की जांच में जुटी है। ASP ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *