मथुरा में सरकारी चावल की कालाबाजारी का भंडाफोड़:निजी गोदाम से 164 बोरी चावल बरामद, माफिया कपिल और लक्ष्मण गोयल के खिलाफ एफआईआर दर्ज


मथुरा में जिला पूर्ति विभाग की टीम ने सरकारी राशन के चावल की कालाबाजारी का भंडाफोड़ कर मंगलवार को एफआईआर दर्ज कराई है। गोकुल बैराज रोड स्थित लक्ष्मी गार्डन के पास एक निजी गोदाम पर छापेमारी कर टीम ने 164 प्लास्टिक की बोरियों में भरा सरकारी चावल और एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद किया। विभाग ने बरामद चावल को जब्त कर आरोपितों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पूर्ति विभाग की टीम ने सोमवार शाम करीब 6 बजे गोदाम पर छापा मारा। एआरओ फूल सिंह, पूर्ति निरीक्षक रविकांत और मनोज कुमार तिवारी की संयुक्त टीम जब मौके पर पहुंची तो गोदाम बंद मिला। टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर गोदाम के मालिक के बारे में जानकारी जुटाई, जिसके बाद राजकुमार सिंह नामक युवक चाबी लेकर मौके पर पहुंचा और गोदाम का ताला खोला। गोदाम के अंदर जांच के दौरान हाथ से सिली हुई प्लास्टिक की बोरियों में बड़ी मात्रा में चावल भरा मिला। प्रत्येक बोरी में लगभग 40 से 50 किलोग्राम चावल था। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, यह चावल सरकारी राशन की दुकानों से पात्र लाभार्थियों को वितरित किया जाना था, लेकिन इसे कथित तौर पर कालाबाजारी के लिए गोदाम में एकत्र कर रखा गया था। मौके से कुल 164 बोरियां बरामद की गईं। जांच के दौरान फरह ब्लॉक के गांव झुड़ावई निवासी कपिल गोयल और उनके भाई लक्ष्मण गोयल को चावल एकत्र कर कालाबाजारी के लिए रखने के मामले में दोषी पाया गया। विभाग ने बरामद चावल के साथ इलेक्ट्रॉनिक कांटे को भी कब्जे में ले लिया। एआरओ फूल सिंह ने बताया कि बरामद सरकारी चावल और इलेक्ट्रॉनिक कांटे को उचित दर विक्रेताओं की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद पूर्ति निरीक्षक मनोज कुमार तिवारी ने मंगलवार को थाना सदर बाजार में आरोपितों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई है। विभाग द्वारा मामले की आगे जांच की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *