मोहम्मद सिद्दीक | महराजगंज5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

धार्मिक टिप्पणी पर AIMIM ने एसपी को सौंपा ज्ञापन।
महराजगंज में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) की महराजगंज इकाई ने सोशल मीडिया पर मुस्लिम समुदाय और पैगंबर हजरत मोहम्मद के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में पुलिस अधीक्षक (एसपी) शक्ति मोहन अवस्थी को ज्ञापन सौंपा है। जिलाध्यक्ष सरवर खान के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि चंदन दुबे पुत्र उपेंद्र दुबे, निवासी भारतखंड पकड़ी, थाना कोठीभार, जनपद महराजगंज ने सोशल मीडिया पर ऐसी टिप्पणी की है, जिससे मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। AIMIM ने कहा कि इस प्रकार की सामग्री के प्रसार से सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।
सरवर खान ने एसपी से मांग की है कि संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट की तत्काल जांच कराई जाए। उन्होंने पोस्ट के स्क्रीनशॉट, लिंक और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के सत्यापन की भी अपील की। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्रचलित कानून के तहत उचित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए।
AIMIM जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी प्रकार की अशांति फैलाना नहीं है, बल्कि कानून और संविधान के दायरे में रहकर निष्पक्ष जांच और न्याय सुनिश्चित कराना है। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि सभी समुदायों की धार्मिक आस्थाओं का सम्मान किया जाना चाहिए और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि जिले में सामाजिक सद्भाव, शांति और भाईचारा बना रहे।
इस अवसर पर इकबाल अहमद (जिला महासचिव), मोहिउद्दीन सिद्दीकी (यूथ जिलाध्यक्ष), सफी मोहम्मद (सदर विधानसभा प्रभारी), मौलाना अलीशेर अहमद (जिला सचिव), अफसर अली (जिला सचिव), मौलाना सलीमुल्लाह (जिला सचिव), निजामुद्दीन (जिला महासचिव), मुबारक अली, हुसैन अहमद (जिला सचिव), सर्वेश गौतम (विधानसभा प्रभारी नौतनवा), जावेद अली, वसी अहमद (अध्यक्ष सदर विधानसभा), रमजान अली (ब्लॉक अध्यक्ष मिठौरा), मोहम्मद तल्हा, मोहम्मद शाहिद, सुग्रीव भारती, सैफुल्लाह, मौलाना रमजान साहब, इसहाक, अब्दुर्रहीम और इरशाद सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

