![]()
सुल्तानपुर में सोमवार को ‘राष्ट्रीय कृमि मुक्त दिवस’ का आयोजन किया गया। जीडी गोयनका स्कूल परिसर में सुबह 11 बजे आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य 1 से 19 साल की उम्र के बच्चों को पेट के कीड़ों से मुक्त कर उन्हें स्वस्थ बनाना है। अभियान के तहत जिले भर में 11 लाख से अधिक बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाकर कृमि मुक्त किया जाएगा। यह पहल बच्चों के समग्र स्वास्थ्य और विकास के लिए महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम का शुभारंभ ‘स्वस्थ बचपन – उज्जवल भविष्य’ और ‘छोटा कदम, बड़ा स्वास्थ्य लाभ’ की थीम के साथ हुआ। मुख्य चिकित्सा अधिकारी और उप जिला विद्यालय निरीक्षक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों को कृमि संक्रमण के दुष्प्रभावों और बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी। मुख्य अतिथियों ने इस अवसर पर कहा कि ‘पेट के कीड़ों से छुटकारा, सेहतमंद, सशक्त एवं भविष्य हमारा’ के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए स्कूल, अभिभावक और स्वास्थ्य विभाग को मिलकर काम करना होगा। कार्यक्रम के दौरान स्कूल के छात्र-छात्राओं को मंच पर एल्बेंडाजोल की गोली वितरित की गई। इस दौरान हाथ धोने, साफ पानी पीने और स्वच्छता अपनाने पर विशेष जोर दिया गया। बड़ी संख्या में बच्चे, शिक्षक और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी इस अवसर पर मौजूद रहे। जिले में कुल 3521 विद्यालयों और 2511 आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से 11,20,828 बच्चों को एल्बेंडाजोल/डिवर्मिंग की टैबलेट खिलाई जाएगी।
Source link
सुल्तानपुर में बच्चों को खिलाई गई एल्बेंडाजोल टेबलेट:11 लाख से ज्यादा बच्चों को दवा खिलाने का लक्ष्य