सावन के दूसरे सोमवार को शिवालयों में उमड़ी भीड़:कौशांबी के मंदिरों में हर हर महादेव के जयकारे, श्रद्धालुओं ने किया अभिषेक


सावन के दूसरे सोमवार को कौशांबी के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही जनपद के सभी मंदिर ‘हर हर महादेव’ के जयकारों से गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर भगवान भोलेनाथ को बेलपत्र, दूध, धतूरा और फल-फूल अर्पित किए। जनपद के प्रमुख शिवालयों, जैसे कड़ा धाम स्थित कालेश्वनाथ प्राचीन शिव मंदिर, पूरब सरावां स्थित बउखल बाबा महादेव मंदिर, मूरतगंज के पल्हाना घाट स्थित प्राचीन पंचमुखी शिव मंदिर और संदीपन घाट स्थित प्राचीन शिव मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। दूर-दराज के गांवों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने लंबी कतारों में लगकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जल, गंगाजल, दूध, दही, बेलपत्र, धतूरा, फल-फूल आदि से अभिषेक किया और सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर सुबह से ही ‘हर-हर महादेव’ और ‘ॐ नमः शिवाय’ के जयकारों से गुंजायमान रहा।
मान्यता है कि बउखल बाबा महादेव मंदिर में सच्चे मन से भगवान शिव की आराधना करने वाले भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी आस्था के कारण सावन के सोमवार को यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसरों में शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। भक्तों को कतारबद्ध तरीके से दर्शन और जलाभिषेक कराया गया, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके अतिरिक्त, स्नान घाटों पर भी पुलिस बल तैनात रहा, जो श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकते दिखे। शिवालयों के बाहर स्थानीय थाना पुलिस भी सुरक्षा में तैनात रही।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *