![]()
कानपुर में 10 अगस्त, सावन के दूसरे सोमवार को जागेश्वर धाम, नवाबगंज के अखाड़े में ऐतिहासिक दंगल का आयोजन किया जा रहा है। इस दंगल में देश-विदेश के पहलवान कुश्ती में एक-दूसरे को पटखनी देंगे। भूटान से आ रहे चिमचिम डोगरा पहलवान इस दंगल में मुख्य आकर्षण होंगे। चिमचिम पहलवान अपने फुर्तीले अंदाज के लिए मशहूर हैं। लोग कहते हैं कि अखाड़े की मिट्टी में मानो उनकी फुर्ती किसी सांप की तरह दिखाई देती है। नेपाल के मशहूर पहलवान शंकर थापा, देवा थापा, लकी थापा और मेवा थापा भी कुश्ती में शामिल होंगे। कुश्ती में सबसे बड़ा इनाम 1 लाख रुपये का होगा। इसके अलावा विभिन्न कुश्तियों के लिए इनाम की राशि अलग-अलग रखी गई है। शहर में जागेश्वर धाम अखाड़े में 309वें दंगल का आयोजन किया जा रहा है। भूटान और नेपाल के अलावा दंगल में देशभर के अलग-अलग राज्यों से पहलवान मुकाबले के लिए आ रहे हैं। खास बात यह भी है कि इस दंगल में देशभर से महिला पहलवान भी मुकाबले में शामिल हो रही हैं। दंगल संयोजक जितेंद्र उर्फ जीतू पांडेय ने बताया कि पूर्वज बताते आए हैं कि यूपी का पहला कुश्ती का अखाड़ा जागेश्वर धाम परिसर का ही है। यहां लगभग 300 साल पहले दंगल की शुरुआत हुई थी। इसी अखाड़े में नाना राव पेशवा, रानी लक्ष्मीबाई और चंद्रशेखर आजाद कुश्ती के दांव-पेंच की आजमाइश किया करते थे। ये पहलवान देशभर से आ रहे हैं बाबा लाड़ी, हिमाचल, बिल्ला पहलवान, हरियाणा, विक्की पहलवान, पंजाब, राहुल पांडेय, हरिद्वार, बग्गा, पंजाब; सोनू, अंबाला, शमशेर, राजस्थान, मोंटी पहलवान, दिल्ली, नकाबपोश पहलवान, महाराष्ट्र, बाबर पहलवान, जम्मू, टाइगर पहलवान, कुकड़ामंडी से दंगल में शामिल होने के लिए आ रहे हैं। महिला पहलवानों में बाबी, गाजीपुर और ब्यूटी पहलवान, गाजियाबाद से दंगल में शामिल हो रही हैं। कानपुर से संजू और बालचंद्र पहलवान कुश्ती में दांव-पेंच की आजमाइश करेंगे। उन्नाव से सुरेंद्र और मनीष पहलवान दंगल में कुश्ती के मैदान में शामिल होंगे।
Source link
कानपुर में आज 309 साल पुराने अखाड़ा में दंगल:देश-विदेश के पहलवान लडेंगे कुश्ती, कभी नानाराव पेशवा, चंद्रशेखर आजाद और रानी लक्ष्मीबाई ने दांव-पेंच लड़े थे