सहारनपुर में पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी अरेस्ट:युवती से सामूहिक दुष्कर्म के मुकदमे में फरार था, पुलिस को देखकर भागा, पीछा करने पर फायरिंग की, दोनों पैरों में लगी


सहारनपुर में थाना कोतवाली देहात पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म के मुकदमे में फरार एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद सोमवार सुबह 3 बजे गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को देखकर टेंपो से भागने की कोशिश की। पीछा करने पर टेंपो का टायर कच्चे रास्ते पर बनी नाली में फंस गया। इसके बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त की रात सब इंस्पेक्टर विजय सिंह और विमल कुमार पुलिस टीम के साथ मिनी बाईपास से करीब 100 मीटर टपरी की तरफ संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान टपरी की तरफ से एक टेंपो आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने टॉर्च की रोशनी दिखाकर उसे रुकने का इशारा किया। पुलिस का कहना है कि टीम को देखकर टेंपो चालक घबरा गया और टेंपो को मोड़कर तेज गति से जंगल की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। टेंपो का टायर नाली में फंसा कुछ दूरी पर जाने के बाद कच्चे रास्ते पर बनी नाली में टेंपो का टायर फंस गया, जिससे वह रुक गया। पुलिस के मुताबिक, टीम को नजदीक आता देखकर टेंपो सवार आरोपी ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान वाजिद पुत्र साजिद, निवासी टपरी अंडरपास के पास, टपरी बाजार, थाना कोतवाली देहात, के रूप में हुई है। पुलिस ने घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। सामूहिक दुष्कर्म के मुकदमे में था फरार पुलिस के अनुसार, वाजिद थाना कोतवाली देहात में दर्ज मुकदमे में फरार था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा बरामद किया है। इसके अलावा एक जिंदा और दो खोखा कारतूस .315 बोर, 230 रुपए नकद तथा बिना नंबर प्लेट का एक टेंपो बरामद किया गया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *