नूरुल अली | कानपुर4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

कानपुर के जाजमऊ थाना क्षेत्र के ताड़बगिया में एक परिवार के घर से लाखों रुपये की ज्वेलरी और नकदी चोरी हो गई। परिवार शादी की खरीदारी के लिए लखनऊ गया था। चोर छत के रास्ते घर में घुसे और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ताड़बगिया निवासी ओमान खान, जो एचसीएल में टैक्स डेटा इंजीनियर हैं और नागपुर में तैनात हैं, अपनी मां सूफिया खान और बड़े भाई खुशहाल खान के साथ शनिवार दोपहर 1 बजे शादी की खरीदारी के लिए लखनऊ गए थे। रविवार रात करीब 8 बजे जब वे घर लौटे, तो कमरों का सामान बिखरा हुआ मिला।
घर की हालत देखकर उन्हें चोरी का संदेह हुआ। अलमारी खोलने पर उसमें रखी करीब 16 लाख रुपये की ज्वेलरी और 40 हजार रुपये की नकदी गायब मिली। ओमान खान के अनुसार, चोर दो सोने के सेट, चार सोने की चूड़ियां और छह सोने की अंगूठियां ले गए।
परिवार के सदस्यों ने पुलिस के साथ मिलकर छत की जांच की, जहां लगी जाली हटी हुई मिली। आशंका है कि चोर पड़ोसी की छत से होते हुए घर की छत पर पहुंचे और जाली हटाकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने अंदर से बंद गेट का ताला तोड़कर कमरों तक पहुंच बनाई और अलमारी खंगालकर कीमती सामान चुरा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही जाजमऊ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए तीन टीमें गठित की हैं। हैरानी की बात यह है कि चोर घर में रखे महंगे मोबाइल, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान छोड़ गए।
