- Hindi News
- National
- Ahmedabad PG Rape Case | Security Guard Arrested After Assaulting Student
अहमदाबाद29 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

अहमदाबाद में एक सुरक्षा गार्ड को महिला किराएदार से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, PG में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम करने वाले धर्मसिंह ने छत पर युवती को अकेला पाकर उसके साथ जबर्दस्ती की थी।
हालांकि घटना के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता इंटीरियर डिजाइनिंग की पढ़ाई कर रही है।
पुलिस ने बताया कि घटना शनिवार देर रात की है। महिला सोसाइटी की इमारत की छत पर टहलने गई थी, तभी आरोपी ने उसे पकड़ लिया और वारदात के बाद छत पर बंद करके भाग गया।
वायर से गला दबाकर किया रेप
जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (सेक्टर-1) नीरज बदगुजर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि वारदात शनिवार रात करीब 8 बजे हुई। छात्रा सोसायटी की छत पर अकेले टहल रही थी। तभी धर्मसिंह छत पर पहुंचा और सीढ़ियों का गेट बंद कर लिया।
इसके बाद उसने स्टूडेंट के साथ जबर्दस्ती शुरू कर दी। जब छात्रा ने विरोध किया तो बिजली का वायर से उसके गला कस कर दुष्कर्म किया और फरार हो गया। सीसीटीवी कैमरे में आरोपी लिफ्ट और सीढ़ियों से छत पर जाते हुए दिखाई दिया था।
उन्होंने कहा, “सिंह ने सोसाइटी में सुरक्षा गार्ड की नौकरी शुरू किए सिर्फ चार दिन हुए थे।”
मोबाइल बंद कर छिपने की कोशिश की
पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया था। पुलिस, लोकल क्राइम ब्रांच और क्राइम ब्रांच के कर्मचारियों की 10 टीमों ने इलाके की सीसीटीवी फुटेज खंगाली और तलाशी अभियान चलाया।
इस अभियान के दौरान सिंह को सुबह करीब 7 से 8 बजे के बीच हेबतपुर इलाके के पास से गिरफ्तार किया गया।
अहमदाबाद की कई कंपनियों में कर चुका था काम
बदगुजर के मुताबिक, सिंह इससे पहले अहमदाबाद की अलग-अलग कंपनियों में सुरक्षा गार्ड के तौर पर काम कर चुका था। इसके बाद उसे आनंदनगर इलाके की हाउसिंग सोसाइटी में तैनात किया गया था।
पुलिस ने कहा कि सिंह को नौकरी पर रखने वाली सुरक्षा एजेंसी ने प्रथम दृष्टया उसका बैकग्राउंड वेरिफिकेशन नहीं किया। एजेंसी ने उसे जरूरी ट्रेनिंग भी नहीं दी और उसकी बुनियादी जानकारी भी जमा नहीं की।
