![]()
भदोही पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान के तहत जिले भर में 50 निर्धारित चेकिंग प्वाइंट्स पर सघन जांच की गई, जिसमें कुल 897 वाहनों की चेकिंग हुई और 200 से अधिक वाहनों का चालान किया गया। यह एक सप्ताह का सघन एवं विशेष वाहन चेकिंग अभियान था, जिसके अंतिम दिन शनिवार को शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक सभी क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों, थानाध्यक्षों और यातायात प्रभारी को चेकिंग करने के निर्देश दिए गए थे। अभियान के दौरान मुख्य रूप से दोपहिया वाहनों की सघन चेकिंग की गई। इसमें तीन सवारी बैठाकर चलने वालों और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की गई। नशे में वाहन चलाने वालों की अल्कोहल मीटर से जांच कर कार्रवाई की गई, साथ ही बिना नंबर प्लेट या त्रुटिपूर्ण नंबर प्लेट वाले वाहनों की भी जांच की गई। संदिग्ध व्यक्तियों और चालकों के चेहरे का यक्ष ऐप (Yaksha App) के माध्यम से त्वरित मिलान और सत्यापन भी किया गया। पहचान संदिग्ध पाए जाने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध चालान और नियमानुसार सीज करने की त्वरित कार्रवाई भी की गई। अभियान के छठवें दिन की कार्रवाई के विवरण के अनुसार, कुल 897 वाहनों की चेकिंग की गई। इनमें 122 चालान तीन सवारी या बिना हेलमेट के लिए किए गए, जबकि शराब या मादक पदार्थों का सेवन कर वाहन चलाने वाले 4 चालकों पर कार्रवाई हुई। बिना नंबर प्लेट वाले 19 वाहनों का चालान किया गया और 110 व्यक्तियों का यक्ष ऐप से फेस मिलान/सत्यापन किया गया। अन्य चालान/सीजर कार्रवाई के तहत 50 मामले दर्ज किए गए। भदोही पुलिस ने समस्त जनपदवासियों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें, तीन सवारी न बैठाएं, शराब पीकर वाहन न चलाएं और वाहन के वैध कागजात व नंबर प्लेट सही स्थिति में रखें। पुलिस ने सुरक्षा हेतु चलाए जा रहे इस अभियान में सहयोग करने का आग्रह किया है।
Source link
भदोही में विशेष चेकिंग अभियान: सैकड़ों वाहनों का चालान:बिना हेलमेट, तीन सवारी और नशे में ड्राइविंग पर हुई कार्रवाई