संभल में कांवड़ यात्रा, 90 घंटे का रूट डायवर्जन:तीन मार्गों पर भारी वाहन प्रतिबंधित, 500 से ज्यादा शिविर


संभल में कांवड़ यात्रा को देखते हुए 90 घंटे का रूट डायवर्जन लागू किया गया है। यह डायवर्जन शुक्रवार रात से प्रभावी हुआ और मंगलवार शाम 7 बजे तक जारी रहेगा। सावन का दूसरा सोमवार 10 अगस्त को है, जिसके बाद 11 अगस्त को शिवतेरस मनाई जाएगी। जनपद में कांवड़ियों के लिए 500 से अधिक शिविर लगाए गए हैं, जिनमें से एक चौधरी सराय पुलिस चौकी पर भी है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए संभल कोतवाली क्षेत्र की सत्यव्रत पुलिस चौकी पर बने सीसीटीवी कंट्रोल रूम से पूरे शहर की निगरानी की जा रही है। जिले भर में 12,000 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से भी नजर रखी जा रही है। पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के कारण गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है, जिसे देखते हुए पुलिस-प्रशासन अलर्ट पर है। गंगा नदी में बैरिकेडिंग भी की गई है ताकि कोई अनहोनी न हो। जनपद के सभी मार्गों पर बाइक, कार और अन्य छोटे निजी वाहनों का संचालन जारी रहेगा। हालांकि, यदि कांवड़ मार्ग पर कांवड़ियों की भीड़ बढ़ती है, तो प्रशासन छोटे वाहनों के रूट डायवर्जन पर भी निर्णय ले सकता है। रूट डायवर्जन प्लान के सभी प्वाइंटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। यातायात पुलिस ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर साइन बोर्ड लगाए हैं, ताकि इन रूटों से गुजरने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। एसपी कृष्ण बिश्नोई ने बताया कि कांवड़ यात्रा और सावन माह को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सामान्यतः प्रत्येक शनिवार सुबह से सोमवार शाम तक रूट डायवर्जन लागू रहता है, लेकिन इस बार यह मंगलवार शाम तक रहेगा। संभल शहर की चौधरी सराय पुलिस चौकी पर बने यातायात बूथ पर तैनात कांस्टेबल लगातार अनाउंसमेंट कर रहे हैं कि कांवड़ रूट पर किसी भी वाहन को रुकने न दिया जाए। इसके अतिरिक्त, संभल तहसील क्षेत्र के थाना कैलादेवी के गांव खिरनी से गंगा एक्सप्रेस-वे के लिंक मार्ग के जरिए मुरादाबाद से आने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट किया जा रहा है। इन कांवड़ मार्गों पर वाहन नहीं चलेंगे….

1. चंदौसी से राजघाट-बबराला मार्ग।

2. जोया से संभल बहजोई मार्ग।

3. चौधरी सराय चौराहा संभल से सैदनगली गजरौला मार्ग।

इन रास्तों पर भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे….

1. चंदौसी, बनियाठेर से बहजोई-पाठकपुर, धनारी, कैल, नूरपुर तिराहा और राजघाट तक किसी भी भारी वाहन का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

2. जोया मार्ग से संभल-बहजोई पर मनोटा पुल से बहजोई तक भारी वाहनों का आवागमन पूर्णतयाः प्रतिबंधित रहेगा।

3. चौधरी सराय संभल से सैदनगली-गजरौला मार्ग पर भी भारी वाहनों का आवागमन पूर्णतयाः प्रतिबंधित रहेगा।

4. नेहरु चौक थाना गुन्नौर की ओर से इंद्राचौक बबराला से नूरपुर तिराहा रजपुरा मार्ग पर भारी व्यावसायिक वाहन वनवे मार्ग पर आवागमन कर सकेंगे। कांवड़ियों की संख्या के दृष्टिगत ही संचालन होगा।

भारी वाहन इन स्थानों पर रोके जाएंगे….

1. राधा गोविंद इन्स्टीट्यूट के पास होल्डिंग एरिया संभल तिराहा चंदौसी डायवर्जन ।

2. गंगा एक्सप्रेस-वे ग्राउंड में होल्डिंग एरिया निकट खिरनी तिराहा।

3. रजपुरा शुगर मिल में होल्डिंग एरिया नूरपुर तिराहा।

4. कृषि उत्पादन मंडी, बबराला में होल्डिंग एरिया।

5. बड़ा ग्राउंड बहजोई निकट संभल तिराहा बहजोई होल्डिंग एरिया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *