चार साल बाद गोंडा पहुंचे पूर्व सांसद रिजवान जहीर:बोले- सच की हुई जीत, बेटी जेबा ने कहा- न्यायपालिका पर था पूरा भरोसा


बलरामपुर के चर्चित सपा नेता फिरोज पप्पू हत्याकांड में दोषमुक्त होने के बाद पूर्व सांसद रिजवान जहीर शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे गोंडा पहुंचे। यहां उन्होंने आईटीआई चौराहा स्थित चांद एडवोकेट के आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की और चार वर्षों तक चली कानूनी लड़ाई में सहयोग के लिए आभार जताया। मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में रिजवान जहीर की बेटी जेबा रिजवान ने कहा कि चार साल की लंबी और कठिन कानूनी लड़ाई के बाद आखिरकार सच की जीत हुई है। उन्होंने कहा कि उनके परिवार को शुरू से न्यायपालिका और कानून पर पूरा भरोसा था, इसलिए उन्होंने पूरे मामले में धैर्य और संयम बनाए रखा। ‘फर्जी मुकदमे झेले, लेकिन भरोसा नहीं टूटा’ जेबा रिजवान ने कहा कि इस दौरान उनके परिवार के साथ-साथ समर्थकों और कार्यकर्ताओं को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई लोगों पर फर्जी मुकदमे दर्ज किए गए, लेकिन उन्होंने कभी न्याय व्यवस्था से भरोसा नहीं खोया। उन्होंने कहा कि चार साल पहले भी उन्होंने अपने परिवार को निर्दोष बताया था और अब अदालत के फैसले ने उनकी बात को सही साबित कर दिया। ‘हमें ऐसा आरोपी बना दिया गया, जिसकी कभी कल्पना नहीं की थी’ जेबा ने कहा कि उनका परिवार एक बड़ी त्रासदी से गुजरा है। उन्हें ऐसे मामले में आरोपी बनाया गया, जिसकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें प्रताड़ित करने का कोई मौका नहीं छोड़ा गया। साथ ही यह भी कहा कि जो लोग उनके परिवार के साथ खड़े थे, उन्हें भी विभिन्न तरीकों से परेशान किया गया। सहयोग के लिए अधिवक्ता का जताया आभार पूर्व सांसद रिजवान जहीर ने गोंडा में चांद एडवोकेट से मुलाकात कर कानूनी लड़ाई में उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि कठिन समय में मिले सहयोग को वह हमेशा याद रखेंगे। गोंडा में मुलाकात के बाद रिजवान जहीर अपने परिवार के साथ बलरामपुर के लिए रवाना हो गए।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *