![]()
थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के पास स्थित एक हाई स्कूल में शुक्रवार को एक छात्र ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस घटना में तीन शिक्षकों और तीन छात्रों समेत कुल छह लोगों की मौत हो गई है। पुलिस के अनुसार, हमले में कई अन्य लोग घायल भी हुए हैं। रॉयल थाई पुलिस के प्रवक्ता ट्राइरोंग पिवपान ने बताया कि यह घटना बैंकॉक के उत्तर-पश्चिम में स्थित नोंथाबुरी प्रांत के डेबसिरिन नोंथाबुरी स्कूल में हुई। प्रवक्ता ने बाद में चैनल 3 को बताया कि हमलावर छात्र को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हमले में कुल 15 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत नाजुक बनी हुई है। हमले के कारणों की जांच जारी पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अभी तक हमले के पीछे के मकसद का पता नहीं चल सका है और मामले की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, माना जा रहा है कि जिस बंदूक का इस्तेमाल किया गया, वह छात्र के परिवार के किसी सदस्य की थी। प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पीड़ितों की हर संभव मदद और देखभाल करने के निर्देश दिए हैं। क्लासरूम में छिपे थे छात्र घटना के करीब एक घंटे बाद सामने आई तस्वीरों में स्कूल के बाहर लोग एक-दूसरे को सांत्वना देते दिखे। वहीं, पुलिस और बचाव दल स्कूल के अंदर जांच करते नजर आए। एक चश्मदीद ने बताया कि जब दूसरे भवन से गोलियों की आवाज सुनाई दी, तो छात्र अपनी जान बचाने के लिए क्लासरूम के अंदर छिप गए थे। बाद में पुलिस ने दरवाजा खटखटाकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। थाईलैंड में पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं थाईलैंड में स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर फायरिंग की घटनाएं पहले भी सामने आई हैं। इसी साल फरवरी में दक्षिणी थाईलैंड के एक पब्लिक हाई स्कूल में 17 साल के एक छात्र ने पुलिस से बंदूक चुराकर फायरिंग की थी। उस दो घंटे के हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई थी और दो लोग घायल हुए थे। वहीं, 2023 में बैंकॉक के एक बड़े शॉपिंग मॉल में 14 साल के लड़के पर फायरिंग करने का आरोप लगा था।
Source link
थाईलैंड के स्कूल में छात्र ने फायरिंग की:6 लोगों की मौत, कई घायल; हमलावर छात्र अस्पताल में भर्ती