नए कमिश्नर इंद्र विक्रम सिंह ने कार्यभार ग्रहण किया:बोले-विकास परियोजनाओं को गति देंगे;राजस्व मामलों का होगा निस्तारण


नए कमिश्नर इंद्र विक्रम सिंह ने गुरुवार को गोरखपुर पहुंचकर कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने कहा कि निगरानी बढ़ाकर विकास परियोजनाओं को गति प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि राजस्व मामलों का तेजी से निस्तारण होगा और अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। इधर, निवर्तमान कमिश्नर अनिल ढींगरा को अधिकारियों ने बधाई दी।
इंद्र विक्रम सिंह इससे पहले कृषि विभाग में सचिव थे। वह शाहजहांपुर, अलीगढ़, गाजियाबाद जिलों के जिलाधिकारी भी रह चुके हैं। कार्यभार संभालने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि शासन की नीतियों को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। विकास परियोजनाओं की नियमित समीक्षा कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के मिले। जहां भी आवश्यकता होगी, वहां समय रहते सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
कमिश्नर ने कहा कि राजस्व से जुड़े मामलों का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराया जाएगा। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रशासनिक कार्यों में गति लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि गोरखपुर केवल मुख्यमंत्री का गृह जनपद ही नहीं, बल्कि आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण शहर है। गुरु गोरक्षनाथ की तपोभूमि, गीता प्रेस तथा नेपाल सीमा से निकटता के कारण यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। उनकी -सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि गोरखपुर की सकारात्मक छवि और मजबूत हो सके। अनिल ढींगरा को दी गई विदाई जिलाधिकारी दीपक मीणा के नेतृत्व में अधिकारियों ने निवर्तमान कमिश्नर अनिल ढींगरा को भावभीनी विदाई दी डीएम ने कहा कि उनके नेतृत्व में गोरखपुर मंडल की कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को गति मिली तथा उन्होंने पारदर्शिता, समयबद्धता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन को नई दिशा दी। अनिल ढींगरा ने अधिकारियों व कर्मचारियों के सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर गीडा की मुख्य कार्यपालक अधिकारी अनुज मलिक, जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल, नगर आयुक्त अजय जैन, जीडीए सचिव पुष्पराज सिंह सहित मंडल एवं जनपद के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ व स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *