![]()
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राज्यसभा सांसद हरद्वार दुबे के बेटे और भाजपा नेता प्रांशु दुबे के साथ उनके पिता के दोस्त द्वारा धोखाधड़ी कर 17 लाख रुपए हड़पने का आरोप है। आरोप है कि बैंक का लोन चुकाने के नाम पर 27 लाख रुपये उधार लेने के बाद वापस नहीं किए। काफी प्रयास के बाद 10 लाख रुपये लौटा दिए। बकाया 17 लाख रुपये मांगे जाने पर मारपीट की और धमकाया। पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है।
अजंता एन्क्लेव, धौलपुर हाउस निवासी प्रांशु दुबे ने एफआईआर दर्ज कराई है। उनका कहना है कि वह दुबे गैस एजेंसी के प्रोपराइटर हैं। पिता दिवंगत हरद्वार दुबे द्वितीय पार्टनर थे। उनके मित्र सुरेश चंद्र ट्रांस यमुना कॉलोनी में रहते हैं। वह सरकारी खाद्य बीज भंडार में कार्यरत थे। वह 2022 में पिता के पास आए। कहा कि उनका एक लोन ग्रामीण बैंक में चल रहा है। परिवार में अनबन चलने के कारण लोन नहीं चुका पा रहे हैं। उन्होंने मदद मांगते हुए रकम देने के लिए कहा। प्रांशु ने बताया कि पिता के कहने पर परिचित सुरेश चंद्र यादव को आईडीबीआई बैंक के ओडी खाते से दो किश्तों में 19 लाख रुपये और 8 लाख रुपये नकद दिए। ऑनलाइन रकम सुरेशचंद्र के बेटे पुष्पेंद्र यादव की फर्म कर काव्या फ्रेट करियर के खाते में गई थी।आरोप है कि यह रकम सुरेश चंद्र यादव के पुत्र की फर्म खाते में इस आश्वासन के साथ ट्रांसफर कराई कि छह माह में लौटा देंगे। गारंटी के तौर पर उन्होंने अपने पुत्र और पुत्रवधू आरती के खाते के चेक भी दिए थे। पीड़ित का कहना है कि तय समय पर पूरी रकम वापस नहीं मिली। बार-बार तगादा करने पर अब तक केवल 10 लाख रुपये ही लौटाए गए हैं, जबकि करीब 17 लाख रुपये अभी भी बकाया हैं। आरोप है कि बार-बार तगादा करने पर आरोपी टालमटोल करते रहे और फोन उठाना भी बंद कर दिया। तगादा करने घर गए तो उनके साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज की। पुष्पेंद्र की मां ने झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। विरोध करने पर गला दबाकर हत्या का प्रयास करने का भी आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना रकाबगंज पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और दस्तावेजों के आधार पर मामले की जांच कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
भाजपा के पूर्व राज्यसभा सांसद के बेटे से धोखाधड़ी:पिता के दोस्त के बेटे ने 17 लाख रुपए हड़पे, तगादा करने पर मारपीट की