कन्नौज में गंगा का जलस्तर बढ़ा, डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण:कासिमपुर गांव में झोपड़ियों में रह रहे परिवारों को मिलेगा आवास योजना का लाभ


कन्नौज में गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए डीएम-एसपी ने कासिमपुर गांव का निरीक्षण किया। यहां जलस्तर चेतावनी बिंदु से 20 सेंटीमीटर दूर है। गांव में झोपड़ियों में रहने वाले परिवारों को आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया। गंगा नदी के जलस्तर में हर दिन इजाफा हो रहा है। जिससे गंगा किनारे के कासिमपुर और बख्शीपुरवा गांव में बाढ़ की संभावना बनी हुई है। नरौरा बांध से 4 जुलाई को 124171 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। जिस कारण गंगा का जलस्तर 124.770 मीटर हो गया। जोकि चेतावनी बिंदु से 20 सेंटीमीटर दूर है। जबकि खतरे के निशान 125.970 मीटर से 1.20 मीटर दूर है। नरौरा बांध से 5 जुलाई को भी 111969 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। जिसका गंगा के जलस्तर में 48 घण्टे बाद असर नजर आएगा।।
नरौरा बांध से पानी छोड़े जाने के बाद से लगातार गंगा के जलस्तर में बढ़ोत्तरी हो रही है। जिसको देखते हुए डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और एसपी बिनोद कुमार ने अधिकारियों के साथ गंगा किनारे के कासिमपुर गांव का निरीक्षण किया। ये वही गांव है, जहां बाढ़ का सबसे पहले असर होता है। पूरा गांव जलमग्न हो जाता है। ऐसे में डीएम ने आपदा प्रबंधन टीम व अधिकारियों को ग्रामीणों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय डीएम ने कासिमपुर में गंगा तट पर निवास कर रहे परिवारों से राशन, आवास, विद्युत, पेयजल, शिक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। ग्रामीणों ने बताया कि गंगा के जलस्तर में बढोत्तरी के कारण गांव में कटान शुरू हो गई। जिस कारण वह लोग हरदोई-कन्नौज रोड के किनारे आकर अस्थायी रूप से रहने लगे हैं। निरीक्षण के दौरान डीएम को जानकारी मिली कि कासिमपुर में 30 से 40 परिवार झोपड़ियों ने निवास कर रहे हैं। ऐसे में उन्होंने परिवारों का तत्काल सर्वे कराने और उन्हें स्थायी आवास उपलब्ध कराने के तहसीलदार को निर्देश दिए।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *