ट्रंप के हेलिकॉप्टर के पास आया पैसेंजर प्लेन:वाशिंगटन में सुरक्षा नियमों का उल्लंघन, फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने शुरू की जांच


वाशिंगटन में मंगलवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को ले जा रहे एक सैन्य हेलिकॉप्टर और एक यात्री विमान के बीच सुरक्षा दूरी कम हो गई। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने बताया कि यह घटना रीगन वाशिंगटन नेशनल एयरपोर्ट के पास हुई। हालांकि, इस दौरान ट्रम्प को कोई खतरा नहीं था। यह घटना तब हुई जब ट्रम्प का मरीन वन हेलिकॉप्टर व्हाइट हाउस के पास एलिप्स से दोपहर 2.33 बजे उड़ान भर रहा था। वे लॉस एंजिल्स की यात्रा के लिए जॉइंट बेस एंड्रयूज जा रहे थे। इसी दौरान एनवॉय एयर 3742, जो एक एम्ब्रेयर E170 रीजनल जेट था, दोपहर 2.34 बजे पेंसाकोला, फ्लोरिडा के लिए रवाना हुआ। नियमों के बावजूद नहीं रोकी गई कमर्शियल फ्लाइट्स जनवरी 2025 में एक सैन्य हेलिकॉप्टर और कमर्शियल जेट की टक्कर में 67 लोगों की मौत के बाद FAA ने एयरपोर्ट के आसपास हेलिकॉप्टर और जेट ट्रैफिक को एक साथ संचालित करने पर रोक लगा दी थी। नियमों के अनुसार, मरीन वन के उड़ान भरने से पहले एयर ट्रैफिक कंट्रोल को कमर्शियल फ्लाइट्स को रोकना होता है, लेकिन इस मामले में ऐसा नहीं किया गया। FAA के अनुसार, प्रारंभिक सुरक्षा समीक्षा में पता चला है कि विमानों के बीच दूरी कम हुई थी, जिसके बाद वे एक-दूसरे से दूर हो गए। एयर ट्रैफिक कंट्रोलर इस दौरान कमर्शियल पायलट और मरीन वन के पायलट दोनों के संपर्क में थे। नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड इस घटना की जांच करेगा। सुरक्षा नियमों का उल्लंघन और जांच FAA के नियमों के मुताबिक, एयरपोर्ट के आसपास विमानों के बीच कम से कम 2.4 किलोमीटर की क्षैतिज और 152 मीटर की लंबवत दूरी होनी चाहिए। इस घटना के बाद FAA एक सुरक्षा समीक्षा टीम गठित करने की योजना बना रहा है। घटना के समय रिपब्लिक 4700 नाम की एक अन्य रीजनल फ्लाइट एयरपोर्ट से 4.8 किलोमीटर दूर थी, जिसे सावधानी के तौर पर डायवर्ट कर दिया गया। यह विमान रैले-डरहम से आया था और दोपहर 2.52 बजे लैंड हुआ। मार्च में FAA ने बड़े एयरपोर्ट्स के पास हेलिकॉप्टर ट्रैफिक संभालने के लिए विजुअल सेपरेशन के इस्तेमाल पर भी रोक लगा दी थी। ट्रम्प का हेलिकॉप्टर और यात्री विमान दोनों सुरक्षित लैंड हो गए।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *