आर्थिक हब बनने को आगरा के उद्योगों को मिला संबल:आगरा नेशनल चैम्बर के 78वें स्थापना दिवस पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने किया संबोधित


आगरा के उद्यमियों को देश की अर्थव्यवस्था में बड़ी भूमिका निभाने का संदेश देते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि आगरा आर्थिक हब बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मजबूत व्यापारिक संस्थाएं ही उद्योग, व्यापार और देश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देती हैं। आगरा के वाटर वर्क्स स्थित अग्रवन में बुधवार शाम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री का 78वां स्थापना दिवस समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम में भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार मुख्य अतिथि रहे। समारोह की अध्यक्षता चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने की। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष अनिल वर्मा ने चैम्बर के 77 वर्षों के सफर का उल्लेख करते हुए संस्था का इतिहास प्रस्तुत किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल और केशव दत्त गुप्ता ने किया। चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने बताया कि जुलाई 1949 में केवल सात सदस्यों के साथ शुरू हुई संस्था आज एक वटवृक्ष का रूप ले चुकी है। उद्योग और व्यापार के हितों में लगातार कार्य करते हुए चैम्बर ने प्रदेश की प्रमुख व्यापारिक संस्थाओं में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त के विचार और मार्गदर्शन संस्था के सदस्यों के लिए भविष्य में भी प्रेरणास्रोत साबित होंगे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि चैम्बर का 78वां स्थापना दिवस ऐसे समय मनाया जा रहा है, जब यह संस्था देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली संस्थाओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्था की मजबूती उसकी मजबूत नींव से तय होती है। नई तकनीक के इस दौर में व्यापारिक संगठनों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। आगरा के उद्यमी शहर को आर्थिक हब बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं और स्थानीय प्रशासन भी उद्योगों की समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक प्रयास कर रहा है। उन्होंने अपने चुनावी अनुभव साझा करते हुए कहा कि दुनिया में सबसे अधिक मतदान भारत में होता है और यह पूरी तरह निष्पक्ष एवं पारदर्शी व्यवस्था के तहत संपन्न कराया जाता है, जो भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। समारोह में वर्ष 2015-16 के चैम्बर अध्यक्ष रहे भुवेश कुमार अग्रवाल को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। वहीं बीपी ऑयल मिल्स के अधिकृत प्रतिनिधि भारत भगत को चैम्बर के संस्थापक सदस्य के रूप में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर चैम्बर की गृह पत्रिका ‘नाचिक’ का विमोचन भी किया गया। समारोह में पूर्व अध्यक्षों, पदाधिकारियों, उद्योगपतियों और व्यापारियों की बड़ी संख्या मौजूद रही।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *